
पंजाब के मोगा जिले के कस्बा तलवंडी भाई में एक दुकान में चोरी हो गई है। चोर डेढ़ लाख कैश, 60 हजार के मोबाइल और खाने-पीने का काफी सामान चोरी करके ले गया है। आरोपी दुकान में लगे CCTV में चोरी करता दिखा, जिसकी फुटेज पुलिस को दे दी गई है। पुलिन से केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तलवंडी भाई निवासी रोहित अरोड़ा ने बताया कि उसकी पिछले 5 सालों से मोगा लुधियाना रोड पर स्थित दत्त रोड के ठीक सामने बंगाली स्वीट्स के साथ बर्गर बाइटस की दुकान है। वह वेजिटेरियन और नॉन-वेजिटेरियन दोनों तरह का खाने पीने का सामान तैयार करता है।
बाहर लगा CCTV तोड़ा, शटर के ताले भी टूटे मिले
रोहित के अनुसार, शनिवार रात को लगभग 11:30 बजे एक चोर उनकी दुकान के बाहर आया। उसने दुकान का शटर तोड़ने से पहले ऊपर लगे CCTV कैमरे को तोड़ा। उसके बाद ताले तोड़कर शटर को उठाकर अंदर घुसा। सीधे रसोई में जाकर देखा कि कोई कर्मचारी अंदर सो तो नहीं रहा। इसके बाद वह वापस काउंटर पर आया।
रोहित के अनुसार, चोर ने दोनों काउंटर में रखे डेढ़ लाख रुपए की नकदी, लगभग 60 हजार रुपए के 4 मोबाइल निकाल लिए। काउंटर के पास रखी कुर्सियों पर बैठकर रेड बुल ड्रिंक पिया। 2 ड्रिंक अपनी जेब में डाल लिए। रसोई घर के अंदर से खाने पीने का सामान प्लास्टिक के डिब्बों में डालकर फरार हो गया।
रोहित ने बताया कि चोर लगभग 2 घंटे तक दुकान के अंदर रहा। दुकान में हुई चोरी के संबंध में थाना सिटी वन पुलिस को लिखित शिकायत के साथ-साथ CCTV फुटेज भी सौंप दी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

