
पंजाब के अबोहर शहर के गांव पंजकोसी में विवाहिता को पूरी रात कमरे में बंद करके पीटा गया। पीड़िता को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़िता ने अपने सास-ससुर और पति पर मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अबोहर से हालचाल जानने आया था जीजा
मिली जानकारी के अनुसार, मोगा निवासी पूजा पुत्री दुर्गादास की लगभग 3 साल पहले गांव पंजकोसी निवासी मेनपाल पेंटर के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद उनका एक साल का बेटा है। पूजा की बहन अबोहर में विवाहित है। शुक्रवार को उसका जीजा उससे मिलने के लिए आया था।
विवाद देख बिना चाय पिए गया जीजा
पूजा ने अपनी सास से जीजा के लिए चाय बनाने के लिए दूध मांगा तो सास भड़क गई। उसे खरी-खोटी सुनाने लगी, जिस पर दोनों की कहासुनी हो गई। विवाद देख कर पूजा का जीजा बिना चाय पिए वहां से चला गया। वहीं जब रात को मेनपाल घर पहुंचा तो उसकी मां ने उसे भड़का दिया।
हालचाल जानने आया तो अस्पताल में भर्ती कराया
इसके बाद सास-ससुर और पति ने मिलकर पूरी रात पूजा से मारपीट की और उसे कमरे में बंद रखा। आज जब उसका जीजा दोबारा हालचाल जानने पहुंचा तो पूजा की हालत देख उसे इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस को मारपीट की शिकायत दी।

