
हिसार की ग्रीवांस कमेटी की बैठक में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की ओर से दिए नायब तहसीलदार के सस्पेंशन के आदेश आखिरकार विभाग ने जारी कर ही दिए। विभाग को मंत्री के आदेश के बाद नायब तहसीलदार जयबीर सिंह को सस्पेंड करने में 103 दिन लगे हैं, जबकि सहायक रजिस्ट्रार के सस्पेंशन के आदेश अभी भी जारी नहीं हुए।
इसे लेकर विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। विज ने 13 जनवरी को ग्रीवांस कमेटी की बैठक में एक मामला सामने आने के बाद हांसी के नायब तहसीलदार जयबीर सिंह और सहायक रजिस्ट्रार संदीप को सस्पेंड करने के आदेश दिए थे।
एक्शन न हाेने पर गृहमंत्री विज ने आपत्ति जताते हुए मुख्य सचिव संजीव कौशल को पत्र लिखा, जिसमें कहा था कि जब कार्रवाई ही नहीं होती तो बैठक में जाने का क्या औचित्य है। मामला सुर्खियों में आने के बाद फाइल तेजी से आगे बढ़ी।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के कार्यालय से भी फाइल तुरंत सीएमओ को भेजी गई। मंगलवार को एफसीआर आरके खुल्लर ने नायब तहसीलदार के सस्पेंशन के आदेश जारी कर दिए। इधर, बताया गया है कि सहायक रजिस्ट्रार के मामले में संबंधित विभाग से मुख्य सचिव ने रिपोर्ट मांगी है।

