
पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में गांव न्यूनत्थावाला में एक परिवार बत्तीवाला चौक पर धरने पर बैठा है। परिवार बच्चों को लेकर धूप में धरने पर बैठा और मारपीट करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि राजीनामा करने के लिए उसके सिर पर आज सुबह जबरदस्ती पिस्तौल तान दी गई, जैसे-तैसे वह अपनी जान बचाकर गांव से निकले।
पीड़ित परिवार गिरफ्तारी तक धरने से उठने को तैयार नहीं
धरने की सूचना पर कोटकपूरा सदर थाना पुलिस बत्ती वाला चौक पर पहुंची और पीड़ित से गांव चलकर आरोपी की पहचान बताने को कहने लगी, परंतु पीड़ित परिवार ने कहा कि वह गांव नहीं जाएगा, अन्यथा उसे व उसके बच्चों को गोली मार दी जाएगी। पुलिस द्वारा उसे बार-बार भरोसा दिलाए जाने का प्रयास किया गया, परंतु पीड़ित आरोपी के पकड़े जाने तक धरने से उठने को तैयार नहीं हुआ।
मारपीट केस में आरोपी सुबह-सुबह धमकाने घर आ गया
बच्चों के साथ पति के बगल में धरने पर बैठी महिला ने बताया कि गांव के एक दबंग व्यक्ति ने उनके पति के साथ मारपीट की थी, जिसका केस चल रहा है। इसी केस में आरोपी पति पर जबरदस्ती दबाव बना रहा है कि वह राजीनामा करे। वह आज सुबह उस समय घर पर आ गया, जब वह बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार कर रही थी। जब तक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक वह लोग यहां से उठेंगे नहीं।

