
पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मुदकी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिकायत निवारण सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें फिरोजपुर देहाती विधायक रजनीश दहिया ने शिविर का निरीक्षण करने के बाद कहा कि पंजाब सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए सभी वादों को पूरा किया है।
इसी कड़ी में आज इस गांव के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे गांव पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के शिविर में बुढ़ापा, विधवा, विकलांग पेंशन, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और राजस्व विभागों की समस्याओं को सुना गया और समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यहां 25 से अधिक विभागों को एकत्रित कर स्टॉल लगाकर मुदकी व आसपास के गांवों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ दिया गया है। इस अवसर पर योजना बोर्ड के अध्यक्ष चंद सिंह गिल, एसडीएम अरविंद प्रकाश वर्मा, तहसीलदार सुखबीर कौर, नायब तहसीलदार राकेश अग्रवाल, मार्किट कमेटी के सचिव विक्रमजीत सिंह व रॉबी संधू व अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

