
पंजाब के जिला लुधियाना में वीडियो सामने आया है जिसमें एक महिला के साथ कुछ पुलिस कर्मचारियों की हाथापाई हुई है। ये वीडियो थाना सदर के इलाके जीएनई कालेज नजदीक की है। महिला ने SHO पर आरोप लगाया कि उसने उसके साथ मारपीट की है। SHO अश्वनी कुमार ने बताया कि वह किसी जगह से रेड करके वापिस आ रहे थे। रास्ते में कुछ लोग आपस में बहसबाजी कर रहे थे। महिला साथ में मौजूद थी इस कारण वह रुक कर मामला पूछने लगे। इतने में आपस में बहसबाजी कर रहे लोगों में से एक महिला ने उनके साथ गलत शब्दावली इस्तेमाल की।
उस महिला को उन्होंने काफी समझाया लेकिन वह नहीं मानी। SHO मुताबिक उस महिला ने उसकी गाल में थप्पड़ जड़ दिया। अश्वनी कुमार ने बताया कि जब मामला हद से ज्यादा बढ़ गया तो उन्होंने महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया। अधिकारी के मुताबिक महिला ने उनकी वर्दी तक फाड़ दी। SHO अश्वनी ने बताया कि आरोपी महिला पूजा और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उधर, महिला के साथी अंकित और संदीप ने बताया कि वह सभी मिल कर पार्टी बर्थ डे पार्टी कर रहे थे। इस बीच वहां कुछ लोग सरेआम शराब पी रहे थे। इस कारण वह लोग भी एक साइड में ड्रिंक करने लगे उन्हें लगा कि शायद रेस्टूरेंट वाले के पास परमिट है। उन्होंने SHO पर आरोप लगाया कि महिला के साथ गाड़ी के पीछे लेजाकर मारपीट की है।
महिला के अन्य साथियों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला के कपड़े उतार उससे मारपीट की गई है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाए। बिना महिला पुलिस कर्मचारियों के SHO ने महिला के साथ मारपीट कर उसे गिरफ्तार कैसे किया।

