
नौ तपा शुरू हो चुका है, लेकिन बरसात की वजह से नौ तपा का असर नहीं दिखा। तपने वाले मई माह में सावन सा नजारा है। हिमाचल में जहां एक ओर बर्फबारी हुई, वहीं पंजाब और हरियाणा में काफी बारिश हुई है। हाल ही में एक्टिव हुए वेदर सिस्टम से पंजाब के ज्यादातर जिलों में वीरवार को 50 किमी की रफ्तार से चली तेज हवाएं चलीं व भारी बारिश हुई।
वहीं, कपूरथला में झुग्गी-झोपड़ी पर पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं हरियाणा में भी कई जिलों में बारिश हुई। प्रदेशभर में 1.5 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई है। कैथल में जींद रोड स्थित एक स्क्रैप की दुकान के ऊपर लगा टीन शेड बुधवार देर रात आंधी में गिर गया, जिसके नीचे बैठे 5 युवक दब गए।
हादसे में एक की मौत हो गई, 4 को चोटें आई हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार समेत 15 राज्यों में वीरवार शाम को आंधी और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। कुछ में अोले भी गिरे। मौसम विभाग ने कहा है कि इस बारिश से अब इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक लू के आसार नहीं हैं।

