
कनाडा के ब्रैंपटन शहर में पंजाबी ने पत्नी का कत्ल कर दिया। पति-पत्नि दोनों तकरीबन 6 महीनों से अलग रह रहे थे। महिला तलाक लेना चाहती थी। मृतका आरोपी के साथ बात करने के लिए ही पार्क पहुंची थी, लेकिन पार्क में ही आरोपी ने पत्नी पर चाकुओं से वार कर दिया। जिसकी वीडियो भी वायरल हो गई।
पील रीजनल पुलिस ने बीते शुक्रवार को ब्रैंपटन के पार्क में 43 साल की महिला दविंदर कौर के कत्ल के आरोप में 44 साल के नव निशान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नव निशान पर फर्स्ट डिग्री हत्या का आरोप लगाया है।

घटना बीते शुक्रवार शाम 6 बजे के बाद की है। पुलिस को चेरी-ट्री ड्राइव और स्पैरो कोर्ट क्षेत्र में स्पैरो पार्क में बुलाया गया। पुलिस को फुटपाथ पर दविंदर कौर घायल अवस्था में मिली। बुरी तरह से उस पर चाकुओं से वार किए गए थे। पुलिस और पैरामेडिक्स ने उसे बचाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन महिला की फुटपाथ पर ही कुछ समय में मौत हो गई।

पुलिस ने सर्च के बाद पकड़ा नव निशान सिंह
घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर ही पुलिस ने नव निशान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों पति-पत्नी थे और एक दूसरे से अलग रह रहे थे। नव निशान सिंह और दविंदर कौर के बीच लंबे समय से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगाते थे व 6 महीनों से अलग रह रहे थे। जिसके बाद दविंदर कौर तलाक लेने को भी तैयार थी।
वह तलाक के सलसिले में ही नव निशान से बात करने आई थी, लेकिन वहां किसी बात पर दोनों में टकराव हो गया। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि नव निशान उसे पुलिस के पास जाने की बात पर टोक रहा है व किसी अन्य के बहकावे में आकर उससे बात ना करने की भी बात कर रहा है। पुलिस ने वीडियो को भी कब्जे में ले लिया है।