
पंजाब के लुधियाना में एक विवाहिता ने दो बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को नहर में कूदते देख शोर मचाया। गोताखोरों की मदद से महिला और उसकी 2 महीने की एक बच्ची को बाहर निकाला गया। जबकि दूसरे बेटी 6 वर्षीय बच्ची का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। बच्ची के नहर में बहने की आशंका जताई जा रही है।

बेसुध हालत में महिला और उसकी बेटी को सिविल अस्पताल लाया गया। देर शाम तक महिला ने अस्पताल के डॉक्टर को इस घटना के कारण संबंधी कोई जानकारी नहीं दी। इस बीच पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद महिला ने बताया कि उसका नाम कुलदीप कौर है। वह साहनेवाल के एरिया में रहती है।
पति के साथ शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसने बेटियों को साथ लेकर नहर में छलांग लगा दी। अस्पताल में दाखिल बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।

लापता बच्ची की तालाश जारी
समराला के SHO भिंडर सिंह ने बताया कि लापता बच्ची की तालाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला ने पति से कहासुनी के बाद यह कदम उठाया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।