
पंजाब के बहुचर्चित फरीदकोट के बरगाड़ी बेअदबी कांड से जुड़े कोटकपूरा गोलीकांड की सुनवाई फरीदकोट अदालत में आज होने जा रही है। मामले में आरोपी शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल आज अदालत के सामने पेश हो सकते हैं।
2400 पेज का सप्लीमेंट्री चालान
कोटकपूरा गोलीकांड मामले में ADGP एलके यादव और SSP बठिंडा गुलनीत सिंह खुराना की अगुवाई वाली SIT ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की मृत्यु से एक दिन पहले SIT ने 2400 पेज का सप्लीमेंट्री चालान पेश किया। इससे पहले 24 फरवरी 2022 को फरीदकोट अदालत में 7 हजार पेज की चार्जशीट दायर की थी। कोटकपूरा गोलीकांड मामले में 2 FIR 129/18 ओर 192/15 दर्ज हैं।
गोलीकांड मामले में कुल 8 आरोपी
चालान में SIT ने मामले में पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल, शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल, तत्कालीन DGP सुमेध सिंह सैनी, तत्कालीन IG परमराज उमरानंगल, SSP मोगा चरणजीत शर्मा, SSP फरीदकोट सुखमंदर मान, DIG फिरोजपुर अमर सिंह चाहल और तत्कालीन SHO सिटी कोटकपूरा गुरदीप सिंह को आरोपी बनाया गया है।
किस पर क्या आरोप लगाए गए
घटना में तत्कालीन DGP सुमेध सिंह सैनी व पूर्व डिप्टी CM पंजाब सुखबीर सिंह बादल को मुख्य साजिशकर्ता बताए गए हैं। जबकि पूर्व CM पंजाब प्रकाश सिंह बादल पर साजिश को अंजाम देने में मदद करने का आरोप है। तत्कालीन IG उमरानंगल, DIG फिरोजपुर अमर सिंह चाहल व SSP मोगा चरनजीत सिंह शर्मा पर साजिश को अंजाम देने का आरोप है।
फरीदकोट के तत्कालीन SSP सुखमंदर सिंह मान और कोटकपूरा के SHO गुरदीप सिंह पर साजिश को अंजाम देने, तथ्यों छिपाने और तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के आरोप हैं। SIT ने फिलहाल साल 2018 की दर्ज FIR में चार्जशीट दाखिल की है। गौरतलब है कि पूर्व CM और डिप्टी CM बादल को कोटकपूरा गोलीकांड की घटना में पहली बार बतौर आरोपी नामजद किया गया है।
यह है बेअदबी और गोलीकांड मामला
12 अक्तूबर 2015 को फरीदकोट के बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटना हुई। इसके बाद सिख संगठनों ने कोटकपूरा और बहबल कलां में विरोध प्रदर्शन किए, जिसे पुलिस ने खत्म कराने की कोशिश की। इस दौरान 14 अक्तूबर को कोटकपूरा और बहबल कलां में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल का प्रयोग किया।
बहबल कलां में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें 2 सिख युवकों की मौत हो गई थी। कोटकपूरा में भी फायरिंग हुई, जिसमें करीब 100 प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। 7 अगस्त 2018 को पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल का केस दर्ज किया था। करीब एक महीना पहले तीनों मामलों में SIT सप्लीमेंट्री चालान कोट में पेश कर चुकी है।