
पंजाब के फरीदकोट जिले में मई महीने के आखिरी दिन रात में और जून महीने के पहले दिन गुरुवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। रात को बारिश तेज होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 10 बजे तक भी शहर के कई हिस्सों में सड़कों से बारिश का पानी नहीं निकल पाया।
अनुमान से 6 गुना ज्यादा बारिश दर्ज हुई
वहीं मौसम विभाग द्वारा 31 मई से लेकर 2 जून तक रोजाना बारिश होने की भविष्यवाणी की गई थी। मौसम विभाग द्वारा जून के पहले दिन 6 मिलीमीटर बारिश का अंदेशा जताया गया था। वहीं पिछले 16 घंटे में 42 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो अनुमान से 6 गुना ज्यादा है।
खेतों और प्लॉट में पानी भरने से परेशानी
तेज बारिश होने से गांव से लेकर शहर तक बारिश का पानी जमा हुआ है। मई माह में नियमित अंतराल पर हल्की से लेकर सामान्य बारिश होती रही है, लेकिन बेमौसम बारिश से खेतों में, खाली पड़े प्लॉट में भी बारिश का पानी जमा हुआ, जिसमें अब दुर्गंध और मक्खी-मच्छर हैं।
अधिकतम न्यूनतम तापमान में गिरावट
गुरुवार की सुबह 8 बजे के बाद मौसम साफ हुआ और कड़ाके की धूप निकली, लेकिन मौसम सुहावना होने से लोगों को राहत मिली। आवागमन में भी आसानी हुई। बारिश होने के साथ ही फरीदकोट जिले का अधिकतम 27 तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

