
पंजाब के अबोहर शहर की पुलिस ने पिछले 3 दिन से लापता युवक का शव बरामद कर दिया है। शव हनुमानगढ़ बाइपास के पास मलूकपुरा डिस्ट्रीब्यूटरी से बरामद हुआ। पुलिस ने नरसेवा नारायण सेवा के सेवादारों की मदद से शव को नहर से निकालकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। युवक ने सुसाइड की है या हादसा हुआ, पुलिस दोनों एंगल से केस की जांच करेगी।

पुलिस ने पहले दर्ज की गुमशुदगी की रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान साऊथ एवेन्यू गली नंबर 12 निवासी सुनील कुमार पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई, जो प्रकाश मेडिकल एजेंसी पर काम करता था। मंगलवार दोपहर को वह अपनी बाइक (PB15W-9104) पर एजेंसी के मालिक को बताकर लंच करने के लिए निकला था, लेकिन न वह घर पहुंचा और न ही वापस एजेंसी में गया। पुलिस ने पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी।

परिजनों ने की मृतक की शिनाख्त
छानबीन के दौरान पुलिस को गुरुवार को सुनील की बाइक गांव काला टिब्बा के पास से गुजरने वाली नहर के किनारे खड़ा मिला। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार देर शाम उसका शव नहर से मिल गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही नरसेवा नारायण सेवा के सेवादार बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी।
सिटी थाना प्रभारी संजीव तरमाला पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। परिवार को बुलाया गया और शव की शिनाख्त कराई गई। इसके बाद केस दर्ज करके मामले की जांचा शुरू की।

