
पंजाब की मान सरकार ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। CM भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार विदेशों में भारत के सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश होने का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन भारत की राज्य सरकारों को काम नहीं करने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से एक साथ होकर केंद्र के ऑर्डिनेंस को राज्यसभा में गिराने की बात कही।

दरअसल, AAP संयोजक एवं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, पंजाब CM भगवंत मान समेत राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संजय सिंह, कैबिनेट मंत्री आतिशी समेत अन्यों ने 23 मई को पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी से कोलकाता में मुलाकात कर केंद्र के ऑर्डिनेंस के खिलाफ उनका साथ मांगा।
TMC राज्यसभा में बिल का विरोध करेगी
ममता बनर्जी ने भी राज्यसभा में ऑर्डिनेंस के बिल के रूप में आने पर TMC द्वारा इसका पूर्ण विरोध किए जाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दल एक होकर राज्यसभा में बिल को गिरा सकते हैं। केजरीवाल ने कहा कि यदि बिल गिरा दिया जाता है तो यह 2024 का सेमीफाइनल होगा। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी अहंकारी सरकार को अब हटा देना चाहिए।

CM भगवंत मान ने देश के लिए खतरा बताया
CM भगवंत मान ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के लिए खतरा पैदा कर दिया है। जब देश रहेगा, तभी सभी पार्टियां रहेंगी। इस पर CM ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र का ऑर्डिनेंस दिल्ली सरकार के खिलाफ है।
केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार की शक्तियां छीनी
AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि साल 2015 में दिल्ली में पहली बार AAP की सरकार बनी थी। उस दौरान केंद्र सरकार ने एक नोटिफिकेशन पास कर दिल्ली की चुनी सरकार की सभी शक्तियां छीन ली कि किसी अधिकारी की ट्रांसफर, पोस्टिंग नहीं कर सकते। किसी अफसर के गलत काम करने पर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं कर सकते।
केजरीवाल ने कहा कि 8 साल तक संघर्ष के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की AAP सरकार के पक्ष में आदेश दिया। लेकिन केंद्र सरकार ने एक सप्ताह बाद ही ऑर्डिनेंस लाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को उस समय पलट दिया, जिस दिन सुप्रीम कोर्ट के छुट्टी पर होने की तैयारी थी।
राज्य सरकारों को 3 तरीके से कर रहे तंग
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार तीन तरीके से राज्य सरकारों को तंग कर रही है। पहला-जहां भाजपा की सरकार नहीं बनती, वहां MLA खरीद कर सरकार गिरा देते हैं। दूसरा- ED और CBI का इस्तेमाल कर दूसरी पार्टी के विधायकों को डराते-धमकाते हैं और उन्हें तोड़कर भाजपा की सरकार बना लेते हैं। तीसरा- जहां भाजपा की सरकार नहीं बनती, वहां कानून का दुरूपयोग कर गवर्नर या ऑर्डिनेंस पास कर गैर भाजपा सरकार को काम नहीं करने दिया जाता। उन्होंने कहा कि इसी कारण पश्चिम बंगाल, पंजाब, तमिलनाडु और तेलंगाना में गवर्नर के जरिए राज्य सरकारों को तंग किया जा रहा है।

