
पंजाब के फाजिल्का सिटी थाना की पुलिस ने एक महिला से मारपीट करने के मामले में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। SHO थाना चंद्र शेखर ने बताया कि ढींगड़ा कॉलोनी गली नंबर 2 निवासी स्वर्ण रानी पत्नी प्रीतम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। मेडिकल रिपोर्ट लेकर उसके पड़ोस में रहने वाले नीलेश, रवि कुमार पुत्र राम दास, साइना और सीनम पुत्रियां राम दास के खिलाफ धारा 325/323/34 के तहत मामला दर्ज किया है।

डॉक्टर ने रिपोर्ट डिलीट होने का बहाना बनाया
शिकायतकर्ता स्वर्ण रानी ने बताया कि 8 मार्च 2023 को उसका पति अपने काम पर गया था। दिन में पड़ोसियों ने उससे झगड़ा करके उससे मारपीट की। उसके चेहरे पर रॉड से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वह बेहोश हो गई थी। पड़ोसियों ने उसे सिविल अस्पताल फाजिल्का में भर्ती कराया।
अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 2 एक्सरे करवाए, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी सामान्य चोट की एक्स-रे रिपोर्ट थाना सिटी को भेज दी। जब उन्हें इस बात का पता चला तो उन्होंने संबंधित डॉक्टर पूजा से मुलाकात की, लेकिन उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि उनकी गंभीर चोट का एक्स-रे रिकॉर्ड से डिलीट हो गया है।

दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए
SHO के अनुसार, इसके बाद वह बार-बार कभी डॉ. पूजा, कभी डॉ. एरिक तो कभी स्टाफ के संबंधित कर्मचारी आशु से एक्स-रे रिपोर्ट देने की गुहार लगाती रही, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित महिला ने संबंधित डॉक्टर व स्टाफ पर उसके साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
हार कर स्वर्ण ने सिविल सर्जन फाजिल्का, स्वास्थ्य मंत्री पंजाब और मुख्यमंत्री पंजाब को लिखित शिकायत देकर एक्स-रे रिपोर्ट नहीं देकर परेशान करने की शिकायत दी और आरोपी डॉक्टरों और स्टाफ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उनकी एक्स-रे रिपोर्ट उन्हें दी गई।