
पंजाब में बीते दिनों तेज बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान पर CM पंजाब भगवंत मान आज किसानों को मुआवजा राशि के चेक देंगे। इसके लिए वह अबोहर जाकर पहले किसानों से बातचीत करेंगे। इसके बाद प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ नुकसान के हिसाब से मुआवजा राशि के चेक सौंपेंगे।
CM भगवंत मान ने ट्वीट कर आज के दिन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने लिखा कि बारिश और ओलावृष्टि से खराब फसल का मुआवजा आज से 20 दिन के अंदर मिलना शुरू हो गया है। लिखा कि खराब फसल अभी खेतों में गिरी हुई है लेकिन मुआवजा राशि बैंक खातों में जमा होने लगी है। हालांकि CM मान सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि नहीं दे सकेंगे। क्योंकि पटवारी समेत अन्य अधिकारियों द्वारा अधिकांश जिलों के किसानों की गिरदावरी नहीं की जा सकी है। यही कारण है कि अबोहर में CM के पहुंचने से एक दिन पहले कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने वीडियो जारी कर किसानों की नाराजगी को शांत करने का प्रयास किया।
दरअसल, मान सरकार ने फसली नुकसान के बाद गिरदावरी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने की घोषणा की थी। लेकिन अधिकांश जिलों के किसानों के यहां गिरदावरी के लिए कोई अधिकारी अभी तक नहीं पहुंचा है।
16 जिलों के किसानों ने दर्ज कराई शिकायत
पंजाब के अधिकांश किसान गिरदावरी नहीं होने से परेशान हैं। यही कारण है कि केवल 2 दिन में ही 16 जिलों के किसानों ने कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के पास अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। किसानों ने मंत्री के वॉट्सऐप नंबर (93093-88088) पर शिकायतें भेजी। लेकिन आज CM मान के अबोहर में किसानों से बातचीत कर मुआवजा राशि के चेक देने का कार्यक्रम होने के कारण कृषि मंत्री धालीवाल को एक दिन पहले वीडियो जारी करनी पड़ी। उन्होंने किसानों को गिरदावरी प्रक्रिया जल्द पूरी करने का भरोसा दिया है।
पंजाब कांग्रेस ने की AAP की घेराबंदी
मान सरकार द्वारा फसली मुआवजा राशि के लिए एक सप्ताह में गिरदावरी प्रक्रिया की घोषणा के बाद पंजाब कांग्रेस ने AAP के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा है कि उनके हलके में किसानों की गिरदावरी के लिए कोई अधिकारी पहुंचा ही नहीं। वह किसानों के विरोध प्रदर्शन में उनके साथ शामिल भी हुए। खैहरा ने मान सरकार के दावे को खोखला बताया है।