
रोडरेज मामले में एक साल की सजा काट बाहर आने के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा Z+ से कम करके Y+ कर दी गई। जिसके खिलाफ नवजोत सिद्धू ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया, जिसकी सुनवाई आज होने जा रही है। बीते माह 28 अप्रैल को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

नवजोत सिद्धू ने अपनी पिटीशन में उनकी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। अपनी पिटीशन में सिद्धू ने स्पष्ट कहा था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलती रही हैं। वहीं जेल से निकलने के बाद सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचने पर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा था कि गैंगस्टर लॉरेंस उन्हें सरेआम धमकियां देता रहा है। ऐसे में पंजाब सरकार उनकी सुरक्षा कम करके एक और सिद्धू मरवाना चाहती है।
25 कमांडो में से अब सिर्फ 13 बचे
रोडरेज मामले में जेल जाने से पहले नवजोत सिंह सिद्धू के पास कुल 25 कमांडो का काफिला होता था। इतना ही नहीं, जेल से लुधियाना में एक मामले में सुनवाई के दौरान भी नवजोत सिंह सिद्धू ने बिना सुरक्षा बाहर जाने से इनकार किया था। इसके बाद जब नवजोत सिंह सिद्धू जेल से बाहर आए तो उनकी सुरक्षा 25 से घटा 13 कर दी गई।
घर की छत पर दिखा संदिग्ध व्यक्ति
सिद्धू के जेल से बाहर आने के कुछ दिन बाद ही एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति शॉल पहने हुए पटियाला में उनके घर की छत पर देखा गया था। इस मामले में सिद्धू के नौकर के बयानों पर पटियाला पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस भी दर्ज किया। सिद्धू ने कहा है कि उनकी जान को खतरा है और ऐसे में उन्हें दी गई सुरक्षा को उन्होंने कम बताया है।

