
पंजाब पुलिस ने सूबे में मानव तस्करी पर पाबंदी लगाने के लिए एसआईटी गठित की है। यह एसआईटी विशेषतौर पर आए दिन महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निवारण के लिए बनाई गई है। फिरोजपुर के एसपी रणधीर कुमार के नेतृत्व में बनी टीम ने अपना कार्य शुरू कर दिया है।
बीओआई के आला अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले एसआईटी ने प्रदेश के सभी 422 पुलिस स्टेशनों से ऐसी शिकायतों का डाटा तलब किया है, जिनमें महिलाओं से ट्रेवल एजेंटों ने धोखाधड़ी की हो। भेजना था किसी और देश, भेज दिया किसी और देश, जहां उनको प्रताड़ित किया गया।
या फिर ट्रेवल एजेंट ने उनसे रुपए ले लिए और जिस देश में भेजा वहां पर संबंधित लड़की के साथ भेजे गए देश में शारीरिक शोषण हुआ। ऐसी शिकायतों का डॉटा एकत्रित कर एसआईटी पीड़ितों का पक्ष जानकार आरोपी एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। एसआईटी में कौस्तुभ शर्मा आईजी लुधियाना रेंज नोडल ऑफिसर के तौर पर काम करेंगे। वह सभी जिलों से ऐसे मामलों में कॉर्डिनेट कर कार्रवाई को सुनिश्चित करेंगे।
पेंडिंग केसों का होगा आकलन
विदेशों में महिलाओं से संबंधित पेंडिंग शिकायतें का ब्योरा देखा जाएगा। हाल ही में ओमान से पंजाब की 34 महिलाएं लाई गईं। इन्हें प्रताड़ित किया और काम के बदले वेतन नहीं दिया गया। विदेशों में अब भी सैकड़ों पंजाबी महिलाओं के फंसे होने की आशंका… कुछ दिन पहले ओमान से लौटकर आई महिलाओं ने खुलासा किया कि एजेंटों ने अच्छी नौकरी का वादा कर ओमान में बेच दिया। किसी तरह बचकर एक महिला ने संपर्क किया तो पता चला और पंजाब की महिलाओं को बचाकर लाया गया। विदेशों में अब भी सैकड़ों महिलाओं के फंसे होने की आशंका है।
खाड़ी देशों में महिलाओं से शोषण के केस ज्यादा
महिलाओं से शोषण के सबसे ज्यादा केस खाड़ी देशों में आ रहे हैं। पासपोर्ट जब्त कर बंधक बना बिना वेतन के काम कराते हैं।
पंजाब के सभी जिलों में ट्रेवल एजेंटों का नेक्सस
पंजाब के सभी जिलों में ट्रेवल एजेंट्रों का नेक्सस काम कर रहा है। ये गरीब परिवार की महिलाओं को अच्छी नौकरी का झांसा देकर फंसाते हैं।
ब्यूटी पार्लर के काम को दुबई भेजी युवती मस्कट में फंसी, वीडियो भेज गुहार लगाई
ट्रेवल एजेंट ने गांव तुंगवाली की दो महिलाओं से मिलकर गांव की 27 साल की लड़की को ब्यूटी पार्लर का काम दिलाने का झांसा देकर 1 लाख रुपए लेकर दुबई भेज दिया। वहां मस्कट में लोगांे के घरों में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कुछ दिन पहले लड़की ने किसी तरह वीडियो बनाकर परिवार को भेजा और बचाने की गुहार लगाई है। लड़की ने कहा कि वह एक बंद घर में फंसी है। पुलिस ने जांच के बाद एजेंट पाल सिंह, उसकी पत्नी संदीप कौर व गांव तुंगवाली की संदीप कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दरअसल, नथाना पुलिस को गांव तुंगवाली के व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसकी बेटी 10वीं पास है और ब्यूटीशियन का काेर्स किया हुआ है। गांव की ही संदीप कौर व उसके पति तोता सिंह ने बताया कि उनके रिश्तेदार वर्क परमिट पर विदेश भेजते हैं।
पाल सिंह ने लड़की को 90 हजार में 6 जनवरी, 2023 को दुबई भेज दिया। कुछ दिन बाद बेटी ने फोन कर कहा कि एजेंट ने मस्कट भेज दिया है जहां उससे लोगों के घरों में काम कराया जाता है। अब बेटी ने वीडियो भेजकर कहा कि उसे बचा लो, ये लोग उसे मार देंगे। अब गांव की संदीप कौर व पाल सिंह से बात की तो एक लाख रुपए की मांगते हैं।

