
पंजाब के जिला मुक्तसर के हलका गिद्दड़बाहा के गांव भलाईआना में गुरुवार सुबह जुगाड़ू वाहन से टकराने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, 10 लोग गंभीर घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुक्तसर के नजदीकी मंडी लक्खेवाली में जागरण करने के बाद करीब 11 लोग पिकअप से सुबह 7 बजे लक्खेवाली से बठिंडा को जा रहे थे। जब पिकअप गांव भलाईआना पहुंची तो आगे से एक जुगाड़ू वाहन आ गया, जिससे टक्कर होने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई।

दुर्घटना में ये लोग हुए घायल
हादसे में राम चंद्र (75) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 10 लोग घायल हो गए। जिनमें हरी सिंह (60), रोशन (60), चतरनाथ (43), बलवीर राम (70), सुभाष (60), रोहित (43), संत राम (53), पप्पी राम (40), कुलार नाथ (54) और दिनेश गंभीर घायल हो गए। दिनेश मुक्तसर के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है।

5 लोगों कों के लगी गंभीर चोट
इनमें से 9 लोगों को बठिंडा के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। इस संबंधी सिविल अस्पताल के डॉक्टर नवरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह एक दुर्घटना में घायल 10 लोगों को सिविल अस्पताल मुक्तसर लाया गया था, जिनमें से 5 लोगों के गंभीर चोटें थीं और 5 लोगों के हाथ पैरों पर चोट थी, जिन्हें बठिंडा रेफर कर दिया गया है।

