
जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए 10 मई को होने वाले मतदान के प्रचार का आज अंतिम दिन है। इसे देखते हुए सभी पार्टियों ने सभी दिग्गज मैदान में उतार दिए हैं। जालंधर में रैलियों के अलावा रोड शो कर सभी नेता वोटरों को अपने हक में करने की कोशिश करेंगे।
आम आदमी पार्टी (AAP) के कनवीनर अरविंद केजरीवाल उम्मीदवार सुशील रिंकू की जीत के लिए 2 दिन से जालंधर में डेरा जमाए हुए हैं। वहीं CM भगवंत मान लगातार यहां प्रचार कर रहे हैं। रविवार रात भी केजरीवाल और CM मान ने जालंधर लोकसभा क्षेत्र के एक कोने शाहकोट से शुरू होकर दूसरे कोने आदमपुर तक रोड शो निकाले।

सुखबीर बादल अकाली दल के लिए वोट मांगने पहुंचे
पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल के निधन की वजह से उम्मीदवार डॉ. सुखविंदर सुक्खी के लिए अकाली दल का प्रचार धीमा रहा। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल अब प्रचार के लिए आए हैं। हालांकि अकाली दल के पास अब ज्यादा समय नहीं बचा है। फिर भी सुखबीर के अलावा बिक्रम मजीठिया भी अकाली दल को मुकाबले में मजबूत रखने के लिए प्रचार में जुटे हैं। इसके अलावा गठबंधन में भागीदार बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता भी जोर लगाए हुए हैं।

कांग्रेस के लिए चन्नी और सिद्धू का भी जोर
जालंधर लोकसभा सीट रिजर्व है। ऐसे में कांग्रेस ने पूर्व CM चरणजीत चन्नी को प्रचार के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी है। खासकर ग्रामीण इलाकों में चन्नी अपने परिचित स्टाइल में लोगों से मिल रहे हैं। उनके साथ बैठकर बात करने के साथ गले लगाकर कांग्रेस के साथ जोड़ने की कोशिश में हैं। शहरी इलाकों में नवजोत सिद्धू रैलियां कर रहे हैं।
हालांकि प्रचार की कमान यहां कैंडिडेट कर्मजीत कौर व चौधरी परिवार ने खुद संभाल रखी है। प्रचार के अंतिम दिन भी उनके अधिकतर कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के ही है। रविवार को चन्नी शाहकोट-नकोदर वाले क्षेत्र में थे। आज वह आदमपुर-फिल्लौर और करतारपुर में प्रचार करेंगे।

भाजपा के लिए केंद्रीय मंत्री ने लगाया जोर
भाजपा उम्मीदवार इंदर इकबाल अटवाल के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जोर लगा रखा है। वह कई रैलियां कर चुके हैं। उनका फोकस भी ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा है। शहर में भी वह व्यापारियों और उद्योगपतियों से बात कर रहे हैं। प्रवासी वोट बैंक को लुभाने के लिए उत्तर प्रदेश से सांसद निरहुआ को भी प्रचार में लाया गया।


