
पंजाब के लुधियाना के गांव नूरपुर बेट में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस बंगाला गैंग पर वर्क कर रही है। ये गैंग इसी गांव में पहले भी एक कत्लकांड को अंजाम दे चुका है। 12 साल पहले बंगाला गैंग ने पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के ससुर सोहन सिंह की हत्या की थी।
सोहन सिंह घर में अकेले रहते थे। 23 दिसंबर 2011 को उनका कत्ल कर दिया गया था। हमलावरों ने घर से नकदी और गहने लूट लिए थे।
गैंग के 8 सदस्य किए थे गिरफ्तार
पटियाला पुलिस ने 2014 में गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर इस मामले को सुलझाया था। सोहन सिंह का कत्ल करने वाले आरोपियों की पहचान खानाबदोश गुड्डू नाथ, सूरज, चांद, ढोला, सेवक, पिल्ला, रोहित, दिलबर, हुसन, मोटा, गुफरान के रूप में हुई थी।
इन आरोपियों ने उस समय कुल 53 घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनमें से करीब एक दर्जन घटनाएं पटियाला की थी।

हर थ्योरी पर काम कर रही पुलिस
आशंका जताई जा रही है कि अब फिर यह गैंग सक्रिय हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार बंगाला गैंग के सदस्य गांवों के बाहरी घरों को निशाना बनाते रहे हैं। गैंग के सदस्य हथियार नहीं रखते हैं, ये उन चीजों से हमला करते हैं जो उन्हें घरों में मिलती हैं।
गिरोह के सदस्य आमतौर पर सिर पर बेरहमी से वार करते हैं, ताकि वे विरोध न कर सके। पहले बंगाला गिरोह शहर और आस-पास के इलाकों में काफी सक्रिय था। 13 जुलाई 2020 को बस्ती जोधेवाल पुलिस ने लूट की साजिश रचने के आरोप में गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले 3 फरवरी 2019 को खन्ना पुलिस ने बंगाली-मूसा गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस अधिकारी कोई भी जानकारी साझा करने से फिलहाल गुरेज कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस इनका रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई है।
6 साल पहले रिटायर्ड हुए थे कुलदीप सिंह
पुलिस रिटायर्ड ASI कुलदीप सिंह द्वारा डयूटी के दौरान निपटाए गए मामलों की भी जांच कर रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके। वह छह साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे और सेवानिवृत्ति से पहले शहर पुलिस के बाल एवं महिला प्रकोष्ठ में तैनात थे।
ये था मामला
लाडोवाल इलाके के नूरपुर बेट गांव में रविवार की रात रिटायर्ड ASI कुलदीप सिंह (65), उनकी पत्नी परमजीत कौर (60) और बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ पाली ग्रेवाल (30) अपने घर में मृत मिले थे। ये ट्रिपल मर्डर शनिवार की रात हुआ था। लाडोवाल पुलिस ने कुलदीप सिंह की बेटी सुमनदीप के बयान के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 397 और 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
परिजनों के मुताबिक हमलावर घर से नकदी, पिस्टल और जेवरात लूटने के अलावा मृतकों के पहने हुए जेवरात भी लूट ले गए हैं। महिला की कान की बाली, चेन और अंगूठियां गायब थीं। इसके साथ कीमती कपड़े भी चुरा ले गए।

