
पंजाब के फाजिल्का जिले में छत से धक्का देकर एक व्यक्ति की हत्या की गई है। घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थाना सिटी पुलिस ने व्यक्ति को छत से धक्के देकर मारने के आरोप में पड़ोसी 3 सगे भाइयों सहित 5 लोगों के खिलाफ IPC की धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच पड़ताल की जा रही है।

परिवार गया था बाहर, लड़ाई-झगड़े में मारा
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर चंद्रशेखर ने बताया कि धींगड़ा कॉलोनी फाजिल्का निवासी छिंदर सिंह पुत्र शेर सिंह ने पुलिस को शिकाय दी। उसने बताया कि 4 जून को वह घर में अकेला था। उसके घर के पास ही उसके भाई महिंदर सिंह उम्र करीब 48 साल का घर है, जिसका सारा परिवार ब्यास डेरे में गया हुआ था।
प्लॉट की दीवार लांघकर घर की छत पर पहुंचे
छिंदर के अनुसार, रात करीब 9 बजे उसके भाई का पड़ोसियों के साथ लड़ाई-झगड़ा हो गया। उसने अपने घर का मेन गेट बंद कर लिया और छत पर चढ़ गया। इसके बाद पड़ोसियों ने उसके घर के साथ वाले खाली प्लॉट की दीवार लांघी और उसकी छत पर चढ़ गए। वहां मारपीट करते हुए उन्होंने महिंदर सिंह को छत से धक्का दे दिया।
आरोपियों ने 2 महिलाएं भी शामिल
छिंदर ने बताया कि महिंदर गली में गिर गया और काफी चोटें लगी। वह उसे उठाकर अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने विकास, चिकवा, निक्कियां पुत्र भारत राम, खुशबू पुत्री भारत राम और माधुरी पत्नी विकास कुमार निवासी गली नं 2 धींगड़ा कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।