
पंजाब के लुधियाना में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने मारने के बाद शव को किरतपुर साहिब की भाखड़ा नहर में फेंक दिया। जबकि बुजुर्ग की बाइक को कैंड नहर पर फेंक दिया। परिवार के सदस्यों ने फरवरी महीने में थाना डेहलों पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्हें शक था कि बुजुर्ग गुरचरन सिंह का कत्ल किया गया है।
कैंड नगर से मृतक की बाइक बरामद
पुलिस ने इस कत्लकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है। गुरचरन सिंह के कातिलों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर गुरचरन की मोटरसाइकिल कैंड नहर पुल के पास से बरामद की है। जबकि शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है।

पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ कत्ल
पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेरकोटला के गांव जलवाना निवासी गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी और उसके साथी गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काली मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी बरामद की है, जिसमें उन्होंने शव को डाला और भाखड़ा बांध तक ले जाकर पानी में फेंक दिया था।
3 महीने की जांच के बाद सुलझा केस
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सीआईए स्टाफ पिछले तीन महीने से मामले की जांच कर रहा था। सीआईए स्टाफ को उसके साथी गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी पर शक हुआ और उसने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की सूचना पर पुलिस ने उसके साथी को भी दबोचा लिया।
बेटे ने 10 फरवरी को शिकायत करवाई थी दर्ज
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि डेहलों के गांव रछीन के मृतक गुरचरण सिंह के बेटे भूपिंद्र सिंह ने 10 फरवरी को पुलिस से संपर्क किया था और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पिता का गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी के साथ सांझेदारी में सुअर फार्म था। 23 जनवरी को उसके पिता घर से खेत पर जाने के लिए निकले थे और लापता हो गए थे। उनका फोन भी स्विच ऑफ था।
कमिश्नर सिद्धू ने कहा कि भूपिंदर सिंह को शक था कि किसी ने उसके पिता को गुप्त स्थान पर रखा है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 346 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाद में, 26 फरवरी को मामले की जांच सीआईए स्टाफ-1 को सौंपी गई थी।
तेजधार हथियार से किए वार
जांच के दौरान पुलिस ने गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी और उसके साथी गुरमीत सिंह को पैसों के विवाद में गुरचरण सिंह की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी ने 23 जनवरी को तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। उन्होंने शव को एक दिन खेत में रखा। बाद में शव को भाखड़ा नहर में फेंक दिया।
उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल को कैंड पुल के पास नहर में फेंक दिया। कमिश्नर सिद्धू ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर में आईपीसी की धारा 302, 201, 120-बी और 342 जोड़ी है। शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।