
मुक्तसर जिले में हुई दो लूट की घटनाओं को सुलझाते पुलिस ने लूट गिरोह के मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर लिया है। इससे पहले भी इन लुटेरों ने विभिन्न जिलों में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।
एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मुक्तसर के नजदीकी गांव लक्खेवाली के पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम दिया। उसमें 5 लोग शामिल थे। जबकि मुक्तसर की पुरानी अनाज मंडी में हुई घटना में 3 लोग शामिल थे।
फिलिंग स्टेशन लक्खेवाली में हुई 3 लाख रुपए की लूट करने वाले 5 आरोपियों को ट्रेस करके थाना लक्खेवाली पुलिस ने घटना के मुख्य सरगने को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया गत 3 मई को जसकरन सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह वासी लक्खेवाली ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) जो नंदगढ़ रोड लक्खेवाली में है।
गत 2 मई को रात करीब 9 बजे पेट्रोल पंप पर 2 बाइकों पर नौजवान आए जिनके चेहरे बंधे हुए थे। उन्होंने हथियार, बेसबाल, रॉड दिखाकर पंप के मैनेजर व करिंदों की मारपीट करके 3 लाख रुपए छीनकर फरार हो गए थे। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तफ्तीश दौरान इंचार्ज सीआईए स्टाफ कर्मजीत सिंह, एसआई रमन कुमार, एसएचओ थाना लक्खेवाली, गुरमीत सिंह इंचार्ज स्पेशल स्टाफ व एसआई रविंदर कौर इंचार्ज टेक्निकल सेल ने वारदात को ट्रेस करते आरोपी प्रिंसपाल उर्फ प्रिंस पुत्र जसवंत सिंह वासी लक्खेवाली को गिरफ्तार किया है।
जिसने माना कि उसने अपने साथियों परमजीत सिंह उर्फ बाबा पुत्र गुरजंट सिंह वासी लक्खेवाली, जतिंदर सिंह उर्फ जतिंदरी पुत्र शेर सिंह वासी गुरुहरसहाए, मेहर सिंह उर्फ गुरविंदर सिंह पुत्र मक्खन सिंह वासी फिरोजपुर कैंट व गुरजंट सिंह उर्फ जश्र पुत्र बलबीर सिंह वासी लक्खो के बहराम से मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल मुक्तसर ने बताया कि आरोपी प्रिंसपाल से पूछताछ दौरान एक बाइक बरामद हुआ जोकि उसने वारदात में उपयोग किया था। वारदात समय एक देसी पिस्तोल का उपयोग भी किया था। उक्त सभी आरोपी नशे के आदी है। लूट की घटना का मास्टर माइंड प्रिंस ज्यादा हैवी नशा करता है। लूटे पैसे में से इनमें बंटवारे में 36-36 हजार रुपए आए।
सरगना ने कबूला अपराध
पकड़ा गया आरोपी प्रिंसपाल उर्फ प्रिंस इस घटना का मास्टरमाइंड है। आरोपी द्वारा पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है, लेकिन यह पुलिस की पकड़ में अब आया है। प्रिंसपाल पर पहले भी कई मुकद्दमे दर्ज है। जिसमें एक मामला थाना धर्मकोट मोगा में दर्ज है।
जिसमें इसने किस्ते एकत्रित करने वाले से 22000 रुपए की लूट की थी, एक मामला थाना लक्खो के बहराम फिरोजपुर में दर्ज है। जिसमें इसने पेट्रोल पंप से 44000 रुपए की लूट की, एक मामला थाना सिटी कपूरथला में दर्ज है, जिसमें इसने एक फाइनांसर से 3 लाख 80 हजार रुपए की लूट की और एक अन्य मामला थाना सिटी मुक्तसर में दर्ज है जिसमें इसने मुक्तसर सिटी के आढ़तिए से एक लाख रुपए से अधिक की लूट की थी और यह मामला 16 मई 2023 को दर्ज हुआ था।
इन सभी मामलों में यह भगौड़ा चला आ रहा था। पूछताछ में आरोपी ने माना कि उसने साथियों के साथ मिलकर 2021 में मच्छी मंडी फिरोजपुर के एक पेट्रोल पंप से 1300 रुपए लूटे थे और जिला फिरोजपुर के गांव खलचिया से एक किस्तें एकत्रित करने वाले से 13000 रुपए लूटे थे।