
यूपी द्वारा अंडों की डिलीवरी रेफ्रिजरेटेड वैन से करने की शर्तें व लागत लगातार बढ़ने से पंजाब व हरियाणा की पोल्ट्री इंडस्ट्री इस समय मुश्किल भरे दौर से गुजर रही है। हरियाणा के बरवाला के 30 से 35% व पंजाब में 20% पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं।
पोल्ट्री फॉर्मर्स का कहना है कि यहीं हालात रहे तो 6 महीने में 50% पोल्ट्री फार्मर्स कारोबार से बाहर हो जाएंगे। दाम में बढ़ोतरी हो सकती है। अंडे का भाव 4.20 रुपए से 4.50 रुपए हाेलसेल तक का चल रहा है। रिटेल दुकानों पर औसतन 5 रुपए का बिकने वाला अंडा एक महीने में ही 5.5 से 6 रु. का हो गया है। अंडों की ट्रे 165 से 180 रु. तक की मिल रही है।
बरवाला के पोल्ट्री फॉर्मर हरनीश गर्ग का कहना है कि कोविड के समय पोल्ट्री फार्मर्स ने अपने फॉर्म बंद कर दिए। कई लोगाें ने पोल्ट्री फार्म बैंकों से लोन लेकर बनाए थे। उन्हें किस्त निकालना मुश्किल हो गया। बरनाला के गोल्ड स्टार पोल्ट्री फार्म के ओनर मुनीष सिंगला का कहना है कि कोविड, महंगी लेबर, मांग कम आने, बीमारियों से बर्ड्स के मरने व फीड और पोल्ट्री की दवाएं काफी महंगी होने से पोल्ट्री फार्मर्स काफी नुकसान झेल रहे हैं।
देश में हर साल 12900 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है अंडों के उत्पादन में 5 प्रमुख राज्यों में आंध्र प्रदेश (20.41%) {तमिलनाडु (16.08%) तेलंगाना (12.86%), पश्चिम बंगाल (8.84%) व कर्नाटक (6.38%) है। इन पांचों राज्यों का देश में कुल कंट्रीब्यूशन 64.65% है।


