
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in के माध्यम से चेक कर सकते हैं। इस बार रिजल्ट में बेटियों ने बाजी मारी है। दशमेश काॅन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सरदूलगढ़ मानसा स्कूल की सुजान कौर ने 500 में से 500 अंक यानी 100 फीसदी अंक लेकर पंजाब में टॉप किया है।
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के 12वीं के परिणाम में इस साल 343 विद्यार्थियों ने मेरिट में जगह बनाई है। जिले से इस साल 6 विद्यार्थी मेरिट लिस्ट में शामिल हुए हैं। एसपी प्राइम स्कूल में कॉमर्स की छात्रा एकता ने 500 में 492 अंक लेकर 98.40% के साथ राज्य में आठवां और जिले में पहला स्थान पाया है। पिछले साल की टॉपर हरलीन भी कॉमर्स स्ट्रीम से थीं और उन्होंने भी 98.40% अंक हासिल किए थे। अमर शहीद लाला जगत नारायण सरकारी गर्ल्स सीसे. स्कूल नेहरू गार्डन की खुशी ने 490 अंक लेकर 98 फीसदी के साथ राज्य में 10वां और जिले में दूसरा स्थान पाया है।
गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेहतपुर की सेजल प्रीत कौर ने 97.40 फीसदी अंक लेकर राज्य में 13वां और जिले में तीसरा, एसपी प्राइम स्कूल की हिमांक्षी ने 97.20 फीसदी अंक लेकर जिले में चौथा और एचएमवी काॅलेजिएट स्कूल की तनीषा घई और एसपी प्राइम स्कूल की रितिका ने 485 अंकों के साथ 97 फीसदी अंक लेकर संयुक्त रूप से जिले में पांचवां स्थान हासिल किया है। इस साल कुल परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 92.47 है। जिले में इस साल 93.97 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं।
इस बार परीक्षा के लिए कुल 296709 उम्मीदवारों में से 274378 पास हुए हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत 95.14 प्रतिशत और लड़कों का 90.25 प्रतिशत है। ट्रांसजेंडर पास प्रतिशत 100 प्रतिशत है। वहीं, 2022 में 12वीं के नतीजों में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.96 था। वहीं, लड़कियों का पास प्रतिशत 97.78 रहा। तब 90% ट्रांसजेंडर छात्रों ने परीक्षा पास की। कुल 3,01,700 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इस बार जालंधर का प्रदेश में 8वां स्थान रहा है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना लक्ष्य : एकता

अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ एकता।
मिट्ठापुर में जनरल स्टोर चलाने वाले सुशील कोछड़ और शिक्षक ज्योति कोछड़ की बेटी ने पीएसईबी 12वीं में कॉमर्स स्ट्रीम में 500 से 492 अंक लेकर राज्य में आठवां और जिले से पहला स्थान पाया है। प्रताप नगर की रहने वाली एकता एसपी प्राइम स्कूल की छात्रा हैं और सेल्फ स्टडी करके उपलब्धि हासिल की है। वे सीए बनना चाहती हैं। एग्जाम से पहले या एग्जाम के समय जो भी स्कूल में पढ़ाया गया, उसे ही रूटीन में पढ़ने की आदत बनाई। अतिरिक्त समय कान्सेप्ट क्लियर करने में दिया। शिक्षकों ने हर समय उसकी हर कमी को दूर करने के लिए बहुत साथ दिया। वे स्कूल में शुरू से ही टॉपर रही हैं, इसलिए टीचर्स ने भी मेरिट के लिए पूरा जोर लगाया।
टीचर बन करियर बनाना चाहती हैं खुशी

पारिवारिक सदस्यों के साथ खुशी।
नेहरू गार्डन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा खुशी ने कॉमर्स स्ट्रीम में 500 में 490 अंक लेकर जिले में दूसरा और राज्य में 10वां स्थान हासिल किया है। वे टीचर बनना चाहती हैं। किशनपुरा की रहने वाली खुशी के पिता नंद लाल दुकानदार और मां आशा रानी हाउस वाइफ हैं। कहती हैं कि मुझे यह तो पता था कि अच्छे मार्क्स आएंगे, मेरिट में आने की उम्मीद भी थी, लेकिन इतने मार्क्स आएंगे, सोचा नहीं था। मैं हमेशा से ही पढ़ाई पर काफी ध्यान देती थी, स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ सेल्फ स्टडी को भी प्राथमिकता दी। स्कूल से आने के बाद भी 7 से 8 घंटे पढ़ाई की। टीचर्स ने जो पढ़ाया, रिवाइज किया, डाउट क्लियर करती थी। फिलहाल एसडी कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में दाखिला लिया है।
टेक्निकल फील्ड में जाना चाहती हैं सेजलप्रीत
गर्वमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल मेहतपुर की सेजलप्रीत कौर ने 487 (97.40%) अंक हासिल कर राज्य में 13वां और जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। सेजल के पिता विक्रमजीत सिंह किसान और मां जसबीर कौर हाउस वाइफ हैं। सेजल के दो छोटे भाई-बहन हैं। सेजल कहती हैं कि मैंने कभी समय देखकर पढ़ाई नहीं की। हमेशा जब मन करता था तब तक पढ़ती थी, कई बार रात को देर तक पढ़ती थी, हमेशा जो स्कूल में पढ़ाया वो घर आकर रिवाइज किया। टीचर्स ने भी काफी सहयोग किया। सेजल टेक्निकल फील्ड में करियर बनाना चाहती हैं। कहती हैं कि परिवार से तो पूरा सहयोग मिला ही, टीचर्स ने भी काफी साथ दिया। इसी कारण मेरिट में आ पाई।

