
पंजाब का एक गबरू कनाडा में MLA बना है और वह देश का सबसे कम उम्र का विधायक होगा। फरीदकोट शहर के ग्रीन एवेन्यू निवासी गुरविंदर सिंह बराड़ उर्फ टीटू ने कैलगरी की नॉर्थ ईस्ट असेंबली से चुनाव जीतकर यह उपलब्धि हासिल की है। 29 मई को ही चुनाव का परिणाम आया। यह जानकारी मिलते ही परिवार में जश्न का माहौल है।

फरीदाकोट में जश्न का माहौल
रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों ने टीटू की जीत पर गुरुद्वारा साहिब में शुक्रराना अदा किया। पाठ कराया, लंगर लगाया और लड्डू बांटे। टीटू के दादा गुरवजन सिंह बराड़ ने बताया कि यह उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उनके परिवार और फरीदकोट की शान में एक बड़ी उपलब्धि है। अभी परिवार कनाडा में है। जब वह भारत आएंगे तो जीत की बड़ी खुशी मनाई जाएगी।

फरीदकोट का पहला लड़का, जो कनाडा में विधायक बना
वहीं मोहल्ले के MC गुरतेज सिंह पहलवान ने कहा कि यह बहुत ही खुशी की बात है कि उनके मोहल्ले का नौजवान कनाडा में MLA चुना गया है। सबसे कम उम्र का कनाडा का विधायक बना है। उसके यार-दोस्त फरीदकोट से लेकर कनाडा तक खुशी मना रहे है। यूं तो पंजाब के दूसरे हिस्सों से कनाडा में कई विधायक और सांसद बने हैं, परंतु फरीदकोट से टीटू पहला शख्स है, जो कनाडा में चुनाव जीता।

