
हिमाचल, जेएंडके, और उत्तराखंड के कई इलाकों में दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है। हिमाचल में लगातार दूसरे दिन लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। पंजाब, चंडीगढ़ और पंजाब में भी बुधवार को खूब बारिश हुई। पंजाब के कई जिलों में बुधवार की तड़के आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में औसत 2.3 मिलीमीटर बारिश रिकाॅर्ड हुई। लुधियाना के खन्ना व गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां में कई जगह ओले भी गिरे हैं।
जबकि 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। वहीं हरियाणा में भी बुधवार को अधिकतर जिलों में 30 से 50 किमी की गति से चली आंधी के साथ हल्की बारिश या बूदाबांदी हुई। कैथल और जींद में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण सिरसा में बिजली के करीब 258 खंभे और 500 पेड़ गिर गए। वहीं मौसम में बदलाव के कारण दिन का तापमान 6.5° तक कम हो गया है।
मंडी में पड़ा था गेहूं, खराब मौसम से बढ़ी चिंता, खरीद का इंतजार कर रहे किसान की हार्ट अटैक से मौत
गेहूं की खरीद का इंतजार कर रहे राजिंदरपुरा कोठे निवासी तेजा सिंह (55) की दिल का दौरा पड़ने से अनाज मंडी में मौत हो गई। तेजा सिंह के बेटों ने बताया कि उन्हें कर्ज से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गेहूं की फसल के लिए दो सप्ताह बाद नहर के पानी की बारी मिलती थी। मंडी में गेहूं पड़ा देख खराब मौसम के कारण उनके पिता परेशानी में थे। इसके चलते अनाज मंडी में रात करीब 12 बजे दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। किसान नेताओं ने सरकार से मांग की है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मदद की जाए।
इधर, देश में पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी…
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है। जम्मू कश्मीर व लद्दाख में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- बिहार में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल के तटीय इलाकों में लू का अलर्ट।
- ओडिशा के जाजपुर जिले में लू से चमगादड़ों की मौत हो रही है।
- गर्मी से महाराष्ट्र में मंगलवार को रिकॉर्ड 29,116 मेगावाट बिजली की खपत हुई। केरल में इस माह तीसरी बार बिजली की मांग 10 करोड़ यूनिट से ऊपर पहुंची।
अब आगे क्या… मौसम विभाग के डायरेक्टर डाॅ. मनमोहन सिंह के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अभी वीरवार को भी देखने को मिल सकेगा। इससे तेज गरज, चमक के साथ कुछ जिलों में 40-50 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हल्की बारिश होने के अनुमान हैं।