
पंजाब के अबोहर शहर के गांव कुंडल के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर ने छात्र को बुरी तरह पीटा। टीचर ने छात्र के मुंह पर थप्पड़ ही थप्पड़ मारे, जिससे उंगलियों के निशान छप गए। परिजनों ने छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

हाथ लगने से फटी थी फ्लैक्स
नितिन पुत्र धर्मवीर ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा का विद्यार्थी है। मंगलवार को वह स्कूल में ही खेल रहा था तो उसका हाथ लगने से स्कूल की दीवार पर लगी फ्लैक्स फट गई। इससे गुस्साए हिन्दी के अध्यापक ने पहले उसे क्लास में पीटा और फिर पीटते हुए सबके सामने ग्राउंड में ले गया।

किसी टीचर ने बचाने का प्रयास नहीं किया
नितिन ने आरोप लगाया कि अध्यापक की पिटाई के दौरान वह बचाओ-बचाओ कह कर चिल्लाता रहा, लेकिन स्कूल के किसी भी अध्यापक ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। वह घर पहुंचा तो परिजनों ने उसकी हालत देखकर अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।

