
पंजाब के लुधियाना में ट्रिपल मर्डर को जालंधर देहात की पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने कातिल को गांव गढ़ा से गिरफ्तार कर लिया। उसने ASI, उसकी पत्नी और बेटे की मुंह में रॉड घुसाकर हत्या की थी। वारदात के बाद उसने शवों के पास बैठ चिट्टे का नशा किया।
आरोपी की पहचान प्रेम चंद उर्फ मिथुन निवासी गांव अखाणा (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। वह नशे का आदी है। नशा खरीदने के लिए वह पहले भी मर्डर कर चुका था। उस पर चोरी के केस भी दर्ज हैं।
SHO हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना फिल्लौर में 2 मामले दर्ज हैं। उससे दो चोरी की बाइक भी बरामद हुई हैं। अब तक उस पर 8 मामले दर्ज हो चुके हैं। जिनमें 4 मामले दीना नगर, 2 लाडोवाल और 2 फिल्लौर के हैं। मिथुन को पत्नी छोड़कर जा चुकी है।
आरोपी ने ट्रिपल मर्डर से 2 दिन पहले 18 मई को भी कत्ल किया था। दीनानगर में एक बुजुर्ग महिला का कत्ल करके उसके घर से सोना व कैश लूटा था। इसके बाद महिला के शव को गटर में फेंक दिया था।
अब पढ़िए रिटायर्ड ASI व उसकी पत्नी-बेटे की हत्या की पूरी कहानी
20 मई को नूरपुर बेट में आरोपी रिटायर्ड ASI कुलदीप सिंह की कोठी में गेट के जरिए दाखिल हुआ। गेट खुलने की आवाज से रिटायर्ड ASI उठ कर बाहर आए तो वह सीढ़ी के नीचे छिप गया।
इसके बाद कुलदीप जैसे ही अपने कमरे में जाने लगे तो घर पर पड़ी लोहे की रॉड से उनके सिर पर लगातार कई वार किए, फिर मुंह में घुसा दी। इसके तुरंत बाद उसने साथ के कमरे में सो रहे कुलदीप के बेटे गुरविंदर और पत्नी परमजीत कौर पर रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसने घर से रिवॉल्वर, गहने और बाइक को चुराया था।
मर्डर के बाद पहुंचा तलवंडी: वारदात करके आरोपी मिथुन लाडोवाल थाने से चंद दूरी पर गांव तलवंडी में चिट्टा खरीदने एक घर में चला गया। वह पहले भी रविन्द्र सिंह नाम के व्यक्ति के घर नशा लेने जाता रहता है। उस घर में महिला से आरोपी ने करीब 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) छीना और हवाई फायर करता हुआ फरार हो गया।
बहन के पास रुका: इसके बाद चोरी के बाइक पर ही मुकेरियां चला गया। आरोपी नशे की हालत में मुकेरिया में जाकर किसी घर में छिप गया। लोगों ने पकड़ा तो मिन्नतें करके वहां से भागा। आरोपी गांव गढ़ा गांव में अपनी बहन के पास आकर रुक गया।
दूसरे दिन बहन के घर के नजदीक बलजीत कौर नाम की महिला के घर में वह दाखिल हो गया। महिला उठी तो उसने उस पर लकड़ी के डंडे से हमला किया। इस पर बलजीत कौर ने शोर मचा अपनी सहेली को बुलाया। आरोपी ने दोनों महिलाओं पर वार किए और फरार हो गया।

लुधियाना से दिल्ली पहुंचा: महिलाओं से मारपीट करने के बाद वह लुधियाना रेलवे स्टेशन से दिल्ली रवाना हुआ। दो वह दिल्ली में रहा। दिल्ली किन लोगों के पास आरोपी रुका पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। मिथुन ने ट्रेन भी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी से एक टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद हुआ है, जिसे फारेंसिक विभाग के पास पुलिस भेजेगी।
तलवंडी में कुत्ते पर की फायरिंग: दिल्ली से वापस आने के बाद मिथुन ने घंटा घर नजदीक से एक युवक से बाइक छीनी। आरोपी बाइक लेकर तलवंडी में नशा खरीदने रात 3 बजे पहुंचा। यहां कुत्ते के भौंकने पर आरोपी ने उस पर दो गोलियां चला दी। घर के मालिक ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। फिर जल्दबाजी में चोरी किया मोटरसाइकिल पर पिस्टल छोड़ भाग गया।
लोगों ने चोरी करता पकड़ा: इसके बाद आरोपी ने तलवंडी गांव निकल कर टोल प्लाजा से एक बाइक चोरी किया। बाद में गांव रामगढ़ और पीरों की जगह गढ़ा में चोरी करने लगा तो लोगों ने इसे काबू कर लिया। आरोपी ने माना कि वह धार्मिक जगहों से भी चोरियां नशा करने के लिए करता रहा है। बाद में रिमांड पर लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने ट्रिपल मर्डर का खुलासा किया।
लुधियाना पुलिस आरोपी को बिहार ढूंढती रही
वहीं लुधियाना पुलिस आरोपी को बिहार में ढूंढ रही थी। सूत्रों के मुताबिक लुधियाना पुलिस को गांव तलवंडी से एक काले रंग का बैग मिला था। उस बैग में बिहार की ट्रेन की टिकटें थी। CIA-1 की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए बिहार रवाना हो गई। जबकि आरोपी जिला लुधियाना में ही वारदात करके घुमता रहा।