
शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों में खाली पदों को भरने के लिए ट्रांसफर प्रोसेस चल रहा है। जिसकी तारीख बढ़ा कर शनिवार यानि 22 अप्रैल तक की गई है। इस ट्रांसफर प्रोसेस के दौरान कुछ स्कूलों में जहां खाली पद भर जाएंगे वहीं कई में पोस्ट खाली हो जाएगी।
विभाग द्वारा जारी खाली पोस्टों की सूची में ग्रामीण इलाकों के स्कूल अधिकतर खाली ही हैं। लुधियाना के आंकड़े देखे जाएं तो जिले में 3120 पद खाली हैं। इनमें प्री-प्राइमरी, प्राइमरी कैडर, कंप्यूटर फैकल्टी, लेक्चरर केडर, वोकेशनल मास्टर और लेक्चरर, वोकेशनल टीचर, वोकेशनल अदर कैटेगरी, मास्टर कैडर के पद शामिल हैं।
ट्रांसफर प्रोसेस के तहत अध्यापकों को स्टेशन चॉइस ध्यान से भरने के निर्देश हैं। क्योंकि विभाग द्वारा बाद में एक बार ट्रांसफर होने पर बदलाव नहीं किया जाएगा। जिले में प्राइमरी स्कूलों में हेड टीचर के ही 83 पद खाली हैं। जबकि सेंटर हेड टीचर के भी 43 पद उपलब्ध हैं। अध्यापकों के मुताबिक इन खाली पदों को ट्रांसफर के जरिए नहीं बल्कि नई और रेगुलर भर्ती के आधार पर ही भरा जा सकता है। जिससे कि स्टूडेंट्स को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर साल होनी चाहिए भर्ती, नहीं तो लगातार स्कूल होते रहेंगे खाली
लेक्चरर कैडर लुधियाना के प्रधान धर्मजीत सिंह ने बताया कि ट्रांसफर से ग्रामीण स्कूल में खाली पदों की गिनती और भी ज्यादा बढ़ जाएगी। अधिकतर पद ग्रामीण स्कूलों में ही खाली हैं। ऐसे में ट्रांसफर के बाद भी ग्रामीण इलाकों में ही पद खाली हो जाएंगे।
इंटर डिस्ट्रिक्ट से रुरल और रुरल से सिटी की तरफ ट्रांसफर होती है। लेकिन नई भर्तियां न होने के कारण लगातार पोस्टें खाली हो रही हैं। इसके लिए हर साल बिना किसी देरी के नई भर्तियां होनी चाहिएं। विभाग द्वारा 122 प्रिंसिपल्स की प्रमोशन भी रद्द कर दी है।
वहीं, मास्टर और लेक्चर कैडर की सिनियोरिटी लिस्ट भी कैंसिल कर दी है। कब नई लिस्टें बनेंगी और प्रमोशन की जाएगी। पहले जो 4161 भर्तियां की गई हैं उन्हें भी अपॉइंटमेंट लेटर अब तक नहीं मिले हैं। ऐसे में आखिर विभाग द्वारा क्या कदम उठाए जा रहे हैं? हमारी यही मांग है कि स्कूलों में 70-90 फीसदी पद तो भरे हों जिससे कि स्टूडेंट्स की पढ़ाई में किसी तरह की समस्या न आए।
मास्टर कैडर के 828 पद हैं खाली
लुधियाना में मास्टर कैडर के 828 पद खाली हैं। इनमें डीपीआई के 130, इंग्लिश के 59 पद, सोशल स्टडीज के 146 पद, 493 पद हिंदी, पंजाबी, मैथ्स, साइंस विषयों के पद खाली हैं। लेक्चरर कैडर के 285 पद खाली हैं।
इनमें इंग्लिश, पंजाबी, पॉलिटिकल साइंस, कैमिस्ट्री,फिजिक्स, फिजिकल एजुकेशन, कॉमर्स जैसे विषयों के पद खाली हैं। वोकेशनल मास्टर लेक्चरर के लिए 47 स्कूलों में 236 पद खाली हैं। वोकेशनल टीचर के 13 स्कूलों में 24 पद खाली हैं। कंप्यूटर फैकल्टी के 26 स्कूलों में 34 पद खाली हैं। इसी तरह प्राइमरी सेक्शन में शिक्षा प्रोवाइडर के 891 पद खाली हैं। जबकि जेबीटी और ईटीटी के 457 पद खाली हैं। शिक्षा प्रोवाइडर के एजुकेशन वॉलंटियर प्री-प्राइमरी की क्लासेस को पढ़ाया करेंगे।

