
चंडीगढ़ में गुरुवार को साइबर ठगी के 2 केस दर्ज हुए हैं। पहले मामले में ठग ने महिला को निशाना बनाया। दूसरे केस में एक व्यक्ति के खाते से पैसे निकाले गए हैं। दोनों मामलों में साइबर सेल ने केस दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चैटिंग और कॉल करके दोस्ती बढ़ाई
साइबर क्राइम के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ निवासी गुरदीप कौर से एक शख्स ने विदेशी नागरिक बन कर इंस्टाग्राम पर दोस्ती की।चैटिंग की और फिर उसे व्हाट्सऐप पर नॉर्मल कॉल्स और विडियो कॉल्स भी किए।
एयरपोर्ट पर कस्टम वालों ने पकड़ा
इस बीच खुद को विदेशी बताने वाले शख्स ने कहा कि 18 अप्रैल को उससे मिलने इंडिया आ रहा है। 18 को कॉल करके बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर फंस गया है। वह अपने साथ कुछ उपहार लेकर आया था, जिस वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे कस्टम वाले ने पकड़ लिया है।
इंडियन करेंसी नहीं होने की बात कही
व्यक्ति ने बताया कि जुर्माने के तौर पर उसे 3.20 लाख रुपए देने होंगे, लेकिन उसके पास इंडियन करेंसी नहीं है। इस तरह झांसे में लेकर शातिर ने गुरदीप से उसने 3.20 लाख रुपए ठग लिए। बदले में पैसे नहीं मिलने पर गुरदीप ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदला लिया
दूसरे मामले में शिकायत सेक्टर-22 निवासी चानन सिंह ने दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से जुड़े मोबाइल नंबर को बदलकर उनके खाते से 2 बार धोखाधड़ी और लेनदेन करके 30,512 रुपए निकाल लिए।

