
हिमाचल में मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बादलों के बरसने से गर्मी का नामो-निशान नहीं है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन शिमला व आसपास जमकर बारिश हुई। कई अन्य जिलों में भी बारिश हुई है।
वहीं,लाहौल के गोंदला में 11 व केलांग में छह सेंटीमीटर बर्फ गिरी। पंजाब में पारा 390 पार हो गया है। शुक्रवार को फरीदकोट में 39.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। शुक्रवार शाम फरीदकोट, मोगा समेत साथ लगते इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। सूबे में मौसम बीच-बीच में बदल रहा है, एकसाथ दाे वेस्टर्न डिस्टरबेंस बनने के चलते पंजाब में 2 मई तक बारिश के आसार बन चुके हैं।
उत्तर व मध्य भारत में पारा 400 पहुंचने की गुंजाइश कम
अनिरुद्ध शर्मा. नई दिल्ली अब मई भी गर्मी का अहसास नहीं दिलाएगा। मौसम विभाग (आईएमडी) का पूर्वानुमान है कि पूर्व, पूर्वोत्तर और पाकिस्तान की सीमा से लगे उत्तर-पश्चिमी भारत को छोड़कर बाकी हिस्सों में मई में तापमान 40└° को पार नहीं कर पाएगा।
यूपी, बिहार, झारखंड, प. बंगाल, ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय गुजरात और सीमावर्ती राजस्थान को छोड़कर किसी भी हिस्से में हीटवेव की आशंका बहुत कम है। हालांकि, बिहार, झारखंड, प. बंगाल और ओडिशा में हीटवेव के दिन सामान्य से ज्यादा हो सकते हैं। मई में उत्तर-पश्चिमी व मध्य के राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इसी वजह से तापमान कम रहेगा।
अब अमेरिकी पैटर्न पर भारतीय शहरों का फील लाइक टेम्प्रेचर
मौसम विभाग ने अमेरिकी मौसम एजेंसी एनओएए के फॉर्मूले पर भारतीय शहरों का हीट इंडेक्स यानी फील लाइक टेम्प्रेचर जारी करना शुरू किया है। इसमें पारे व नमी को जोड़ इंसान को अनुभव होने वाले तापमान देखा जाता है।


