
जालंधर लोकसभा उपचुनाव के प्रचार का शोर आज शाम 5 बजे थम जाएगा। यहां 10 मई को वोटिंग होनी है। उसके 48 घंटे पहले प्रचार बंद कर दिया जाएगा। रैलियां-रोड शो खत्म होते ही बाहरी नेताओं को लोकसभा क्षेत्र छोड़कर जाना होगा। हालांकि चुनाव का शोरशराबा वाला प्रचार बंद होने के बाद डोर टू डोर प्रचार किया जा सकेगा।
चुनावी दंगल में 19 उम्मीदवारों में मुकाबला
जालंधर लोकसभा सीट सांसद संतोख चौधरी के निधन के बाद खाली हुई। जिसके बाद 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। शुरूआत में राष्ट्रीय, क्षेत्रीय पार्टियों व आजाद समेत कुल 31 लोगों ने नामांकन भरे थे। उसके बाद छंटनी प्रक्रिया और नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव में 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें AAP के सुशील रिंकू, कांग्रेस से सांसद संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर, भाजपा से इंदर इकबाल अटवाल और अकाली दल से डॉ. सुखविंदर सुक्खी भी शामिल हैं।
किस प्रत्याशी को कौन सा चुनाव चिन्ह मिला…
भाजपा उम्मीदवार इंदर इकबाल सिंह अटवाल कमल का फूल’ आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार रिंकू का झाडू शिरोमणि अकाली दल के डा. सुखविंदर सुखी का तकड़ी, कांग्रेस की प्रत्याशी कर्मजीत कौर चौधरी का हाथ और समाजवादी पार्टी के मनजीत सिंह का चुनाव चिन्ह साइकिल है।
इसके अलावा नेशनलिस्ट जस्टिस पार्टी के डा. सुग्रीव सिंह नांगलू का चुनाव चिन्ह ‘ट्रक’, सिमरनजीत सिंह मान की शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के गुरजंट सिंह कट्टू का ‘बाल्टी’, बहुजन द्रविड़ पार्टी के तीर्थ सिंह बेगमपुरा भारत का ‘जूता’,पंजाब किसान दल की परमजीत कौर तेजी का ‘गड्डा’, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के मनिंदर सिंह भाटिया का ‘फलों की टोकरी’, पंजाब नेशनल पार्टी के योगराज सहोता का ‘फुटबॉल’ चुनाव चिन्ह है।
इसी तरह से आजाद खड़े उम्मीदवार अशोक कुमार काे ‘क्रेन’, अमरीश भगत काे ‘पेन ड्राइव’, संदीप कौर काे ‘लेटर बॉक्स’, गुलशन आजाद काे ‘बल्ला’, नीटू शटरांवाला काे ‘ऑटो रिक्शा’, पलविंदर कौर काे ‘बाजा’, राज कुमारी साकी काे ‘बल्लेबाज’ और रोहित कुमार टिंकू काे ‘मंजी’ चुनाव चिन्ह मिला है।
सभी बूथों से वेब कास्टिंग, हर विधानसभा में लेडीज स्पेशल बूथ
जालंधर लोकसभा सीट पर कुल 16 लाख 21 हजार 800 वोटर हैं। जिनमें 38 हजार 313 मतदाता 80 वर्ष से अधिक आयु के है जबकि 10 हजार 526 दिव्यांग है। जिले में 1972 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं और इन सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेब कास्टिंग सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं रहेंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ‘वुमेन ओनली पोलिंग स्टेशन’ स्थापित किया गया है, जो केवल महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। जालंधर के पिंगलवाड़ा घर में पोलिंग बूथ बनाया गया है, जिसे दिव्यांग चलाएंगे।

