
पंजाब के अमृतसर बॉर्डर पर रात पाकिस्तानी तस्करों ने दोबारा ड्रोन को भारतीय सीमा में भेजा। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रोन द्वारा फेंकी गई खेप को जब्त कर लिया है। BSF जवानों का कहना है कि पाकिस्तानी तस्कर लगातार भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिशें कर रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

BSF अधिकारियों के मुताबिक रात 10 बजे के करीब अमृतसर के सरहदी गांव दाओके में यह सफलता मिली है। रात बटालियन 22 के जवान गश्त पर थे। उसी दौरान उन्हें ड्रोन मूवमेंट का एहसास हुआ। अलर्ट जवानों ने मोर्चा संभाला, इतनी देर में उन्हें कुछ फेंके जाने का अंदाजा हुआ। जिसके बाद सर्च अभियान चलाया गया।
खेतों से मिला बड़ा पैकेट
दो घंटे के सर्च के दौरान गांव दाओके के खेतों में BSF को एक ऑरेंज रंग का बैग मिला। जिसमें हेरोइन के चार पैकेट रखे गए थे। ड्रोन से फेंकने के लिए उसमें हुक भी लगाया गया था। इसके साथ एक टौर्च भी तस्करों ने साथ भेजी।
जब्त की गई खेप का कुल वजन 1.590 किलोग्राम मापा गया है। जिसकी इंटरनेशनल वैल्यू तकरीबन 10 करोड़ रुपए के आसपास आकी जा रही है।

