
गांव चूड़वाल के नजदीक नशे की ओवरडोज से एक शख्स की तबीयत बिगड़ गई। उसके दोस्त उसे तड़पता छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने कुलवंत(32) को मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रख दिया है। रिश्तेदार सोनू ने बताया कि कुलवंत ट्रैक्टर चलाता था और रेत ढुलाई का काम करता था। परिवार में पत्नी और एक बेटा-बेटी है। रविवार को कुलवंत अपने दोस्तों के साथ निकला था।
यहां से वो गांव तलवंडी गए और वहां से उन्होंने नशा लिया। इसके बाद गांव से दो किलोमीटर पहले पानी की मोटर के पास तीनों ने नशा किया। यहां जब कुलवंत ने इंजेक्शन लगाया तो उसकी तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उसके दोस्तों ने उस पर पानी डाला, लेकिन उसे सांस लेने में मुश्किल होने लगी। ये देखकर उसके दोस्त घबरा गए और उसे छोड़कर भाग गए। लोगों ने कुलवंत को उठाकर अस्पताल पहुंचा और उसके परिवार को सूचित किया। जब तक परिवार पहुंचा, कुलवंत की मौत हो गई थी।
खुलेआम बिक रहा नशा पुलिस कुछ नहीं करती
आरोप लगाते सोनू ने कहा कि उनके इलाके में खुलेआम नशा बिक रहा है। लोगों ने कई शिकायतें की हैं। मगर पुलिस कभी भी एक्शन नहीं लेती। अगर पुलिस रेड करती भी है तो पुलिस को मिलता कुछ नहीं।

