
इंडियन एयरफोर्स हेरिटेज सेंटर सेक्टर-18 को शुरू हुए 6 दिन हो गए हैं। इन 6 दिनों में सिर्फ शहर ही नहीं बल्कि साथ लगते एरिया से भी लोग यहां घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। बच्चों को भी ये जगह काफी पसंद आ रही है।
प्रशासन का टूरिज्म डिपार्टमेंट इस सेंटर को चला रहा है। इस पहले हफ्ते में ही करीब 1800 से ज्यादा लोग इस सेंटर की विजिट कर चुके हैं, जिससे करीब 1.80 लाख रुपए से ज्यादा का रेवेन्यू जेनरेट हुआ है। इस पूरे हफ्ते में सबसे ज्यादा लोग शनिवार और रविवार को सेंटर में पहुंचे।
इन दोनों दिनों में ही मिलाकर करीब 1400 से ज्यादा लोग इस सेंटर में पहुंचे। रविवार को यहां पर रिकाॅर्ड 751 लोग पहुंचे। सेंटर में एयरक्राफ्ट से लेकर सिमुलेटर्स और वर्चुअल रियेलटी गेम्स को काफी पसंद किया जा रहा है।
टूरिज्म डिपार्टमेंट की तरफ से यहां एक सोविनियर शाॅप बनाई गई है, जहां से भी लोग खरीददारी कर रहे हैं। खासतौर से यहां पर हैट, छोटी घड़ियों की सेल हो रही है।
डिफेंस मिनिस्टर ने किया था उद्घाटन…
डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह ने पिछले सोमवार को ही इस सेंटर का उद्घाटन किया था। टूरिज्म डिपार्टमेंट के मोबाइल एप चंडीगढ़ टूरिज्म में जाकर इसके लिए बुकिंग करवा सकते हैं या फिर सेंटर में जाकर मैनुअली भी टिकट खरीद सकते हैं।

