
पंजाब में बिजली दरें महंगी होने पर कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू के तंज कसने पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी करारा जवाब दिया है। AAP के प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने सिद्धू से कहा कि कांग्रेस सरकार पंजाबियों के सिर पर विरासत में 2.73 लाख करोड़ का कर्ज छोड़ कर गई है।

कंग ने सिद्धू को ट्वीट के जरिए जवाब देते हुए कहा कि 2.73 लाख करोड़ रुपए का सालाना ब्याज ही 20 हजार करोड़ रुपए बनता है। जबकि मान सरकार ने पिछली बार न केवल 20100 करोड़ ब्याज बल्कि 15946 हजार करोड़ मूल रकम भी लौटाई। साथ ही PSPCL का 20200 करोड़ का सब्सिडी बिल भी क्लीयर किया। पंजाब के करीब 90 प्रतिशत परिवारों के बिजली बिल जुलाई 2022 से जीरो आने की बात भी कही।
राहुल गांधी से पूछें सवाल
कंग ने सिद्धू से कहा कि पैसा कहां से और कैसे आएगा, यह सवाल राहुल गांधी से पूछें, जो हिमाचल और कर्नाटक में 200 यूनिट फ्री बिजली की घोषणा करके लौटे हैं। कंग ने सवाल खड़ा किया कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार को करीब पांच महीने हो गए हैं। लेकिन लोग अभी तक 200 यूनिट फ्री बिजली का इंतजार कर रहे हैं।

नवजोत सिद्धू का AAP पर तंज
कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट में लिखा कि ‘लोगों द्वारा दी वोटों की कीमत पंजाब सरकार ने बिजली महंगी करके कुछ ही घंटों में चुका दी’। उपर से लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए सरकार कह रही है कि बिजली दरों की बढ़ोतरी का पैसा सरकार देगी। लेकिन सवाल यह है कि सरकार कहां से और कैसे देगी, पैसा कहां से आएगा।
पंजाब पर इस साल 5 लाख करोड़ कर्ज का अनुमान
सिद्धू ने लिखा कि जब पिछली सरकार गई तो कर्ज 2,81,772.64 (2.82) लाख करोड़ रुपए था। लेकिन मान सरकार के एक साल के कार्यकाल के वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह कर्ज बढ़कर 3,12,758 करोड़ हो गया। इस साल का अनुमान है कि यह कर्जा 347542 करोड़ हो जाएगा। इसके अनुसार इस साल कर्ज कम होने के बजाय बढ़कर 5 लाख करोड़ हो जाएगा।
सिद्धू ने अंत में लिखा कि जमीन गिरवी रख कर बाप बच्चों को खिलौने लेकर दे रहा है।