
पंजाब के जालंधर में बेशक उपचुनाव को लेकर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बलों का पहरा बैठाया गया है, लेकिन अराजक गतिविधियां फिर भी थम नहीं रही हैं। देर रात बस्ती दानिशमंदा में एक घर में 3 हथियारबंद युवक घुस गए। उन्होंने घर में घुसते ही तेजधार हथियारों से हमला शुरू कर दिया।
इसमें एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ है, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हमलावरों ने पति को छुड़ा रही महिला को भी नहीं बख्शा। उसके भी कपड़े फाड़ डाले और चेन छीन ली। मोहल्ले में शोर शराबा सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि 2 फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश की लोगों ने जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
रंजिश में किया हमला
महिला मुस्कान ने बताया कि वह और उसका पति देर रात मंदिर से माथा टेकने गए थे। जैसे ही वह लौटकर घर में आए तो हमलावर भी उनके पीछे घर में घुस गए। वह घर की छत की तरफ भागे तो हमलावर भी छत पर पहुंच गए। मुस्कान ने कहा कि हमलावरों ने उसके पति पर दातरों से हमला कर दिया। उन्हें बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया।
पति के साथ रंजिश
महिला ने बताया कि वह अपने पति को छुड़ाने गई तो उसके भी कपड़े फाड़ दिए। उसकी गले से सोने की चेन भी छीन कर ले गए। यह हमला रंजिशन किया गया है। वह अपने पति और बच्चे के साथ अलग रहती हैं। महिला ने कहा कि जिन लोगों ने हमला किया उनकी पति के साथ रंजिश चल रही थी।

