
पंजाब विजिलेंस ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर राकेश कुमार सिंगला और उनकी पत्नी रचना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। सिंगला ने आय से अधिक संपत्ति बनाई है। इसके अलावा फरार सिंगला के खिलाफ विजिलेंस द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में सीबीआई व इंटरपोल नई दिल्ली को पत्र भेजा जा चुका है।
जानकारी देते हुए विजिलेंस लुधियाना रेंज के SSP रविंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में करोड़ों रुपए के टेंडर आवंटन घोटाले में दर्ज एफआईआर में जांच के दौरान सामने आया कि सिंगला जो कि विभागीय सतर्कता कमेटी का अध्यक्ष भी था, ने अपने पद का गलत इस्तेमाल करके घूस की रकम वसूल की थी और कई संपत्तियां बनाई थी।
11 साल में 3.68 करोड़ रुपए खर्च किए
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम के साथ-साथ अपनी पत्नी रचना सिंगला के नाम पर संपत्ति अर्जित की थी। SSP संधू ने बताया 1 अप्रैल 2011 से 31 जुलाई 2022 तक राकेश कुमार सिंगला और उसकी पत्नी ने 5 बेशकीमती संपत्तियां खरीदीं और 3,68,15,757 रुपए खर्च किए। जबकि उनकी आय 2,31,59,752 रुपए ही थी।
विजिलेंस जांच के आधार पर राकेश कुमार सिंगला और उनकी पत्नी रचना सिंगला के खिलाफ धारा 13(1)(बी), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और धारा 120 के तहत मामला दर्ज किया है।
पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू का करीबी था आरोपी
गौरतलब है कि राकेश कुमार सिंगला पूर्व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु का करीबी था। उसने तेलू राम ठेकेदार से 30 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। लुधियाना कोर्ट द्वारा 3 दिसंबर 2022 को भगोड़ा घोषित किया गया था। इसके अलावा, उक्त मामले में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी विजिलेंस द्वारा शुरू की गई थी। सीबीआई और इंटरपोल, नई दिल्ली को 27 मार्च 2023 को एक पत्र जारी किया गया था।

