
जालंधर में विरोधी दल कांग्रेस पार्टी को झटके पर झटके दे रहे हैं। जब से लोकसभा उपचुनाव शुरू हुआ है तब से पार्टी में लगातार टूटन जारी है। हालांकि पार्टी के बड़े नेता एकजुटता दिखाते हुए रूठे नेताओं को मनाने की कोशिश भी कर रहे हैं लेकिन फिर भी मामला थम नहीं रहा है। कांग्रेस को नया झटका जालंधर कैंट में लगा है।
जालंधर कैंट से स्थानीय विधायक परगट सिंह के खासमखास पूर्व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट चेयरमैन जत्थेदार परमजीत सिंह रायपुर ने हाथ का साथ छोड़ कर झाड़ू थाम लिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी में आज चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास जाकर जॉइन किया। उन्हें पार्टी अकाली दल से आप में शामिल हुए पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़ ने शामिल करवाया।
बता दें कि इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जत्थेदार परमजीत सिंह रायपुर पहले शिरोमणि अकाली दल में थे। लेकिन साल 2020 में उन्होंने बादलों का साथ छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था और अकाली दल से ही आए कांग्रेस के विधायक परगट सिंह का चुनाव में बहुत साथ दिया।

