
पंजाब के फाजिल्का जिले के सरकारी दफ्तर मंगलवार को सुबह साढ़े 7 बजे ही खुल गए। फाजिल्का DC डॉ. सेनु दुग्गल सुबह सवा 7 बजे के करीब अपने ऑफिस पहुंची। बाकी स्टाफ साढ़े 7 बजे तक दफ्तर पहुंच चुका था। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार दफ्तरों का टाइम 15 जुलाई तक यही रहेगा।

अब शाम तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा: DC दुग्गल
DC डॉ. सेनू दुग्गल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्णय के अनुसार सरकारी कार्यालयों के समय में परिवर्तन करके सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया है। इससे लोगों को दोपहर की गर्मी से पहले ही सरकारी सेवाएं मिल जाएंगी और गर्मी बढ़ने तक लोग अपने घरों को वापस जा सकेंगे।

सेवा केंद्रों के समय में कोई बदलाव नहीं
वहीं सरकारी कर्मचारियों ने भी सरकार के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि इससे कार्यालयों की उत्पादकता बढ़ेगी। DC ने जिला वासियों से अपील की है कि वे अपने कामकाज के लिए सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 2 बजे के तक सरकारी दफ्तरों में पहुंचें। यह समय 15 जुलाई तक मान्य रहेगा।
DC ने यह भी बताया कि जिले के सेवा केंद्रों का समय पूर्व की भांति सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। सेवा केंद्र शनिवार और रविवार को भी खुले रहते हैं।

SSP समय पर पहुंची, स्टाफ नहीं आया
जिला फाजिल्का में SSP अवनीत कौर सिद्धू समय पर अपने दफ्तर पहुंचीँ और अन्य दफ्तरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचरियों को समय पर दफ्तरों में हाजिर होने के आदेश दिए हैं।

