
पंजाब के जिला मोहाली के लालड़ू के ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो लोगों ने एक सुपरवाइजर की हत्या कर दी है। हत्यारोपियों ने मामूली बहस के बाद पहले उससे जमकर मारपीट की, इसके बाद सुपरवाइजर को ईंट के भट्ठे में फेंक दिया।
मृतक की पहचान मूल रूप से बहार के बेगूसराय निवासी अमित (40) के रूप में हुई है। स्थानीय थाना पुलिस ने हत्या के तहत केस दर्ज कर दोनों हत्यारोपी कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय के रहने वाले दीपक (20) और अजेश (20) के रूप में हुई है।
गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने पर लगा पता
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात का पता उस समय लगा, जब भट्ठे पर काम करने वाले मुंशी और मालिक पंचकूला निवासी विभू बंसल ने पुलिस को अमित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अमित को आखिरी बार 7-8 मई की मध्य रात्रि को शाम 4 बजे से रात 1 बजे की शिफ्ट पर देखा गया था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए पड़ताल शुरू की।
पैसों के लेनदेन और झगड़े की रंजिश में हत्या
इसके बाद SHO लालड़ू ने पुलिस टीम गठित कर भट्ठे की मैनेजमेंट व कर्मचारियों से पूछताछ की। इस दौरान पता लगा कि अमित की हत्या कर दी गई है। इसके 10 घंटे के अंदर दोनों हत्यारोपियों को अरेस्ट कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि अमित के सुपरवाइजर होने के चलते दोनों हत्यारोपियों के पैसे का लेनदेन उसके साथ ही होता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात की रात अमित ने शराब पी हुई थी। इसके बाद अमित ने कर्मचारियों से गाली-गलौज किया। करीब डेढ़-दो महीने पहले भी दोनों पक्ष के बीच पैसों के लेनदेन पर झगड़ा हुआ था।
भट्ठे से कंकाल बरामद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पैसों के लेनदेन और पुराने झगड़े की रंजिश के कारण ही दोनों कर्मचारियों ने पहले सुपरवाइजर अमित की हत्या की। फिर उसकी लाश को 12 फुट गहरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने मृतक का कंकाल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों की इससे पहले कोई आपराधिक हिस्ट्री नहीं है। वहीं, कंकाल को DNA की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है।

