
पंजाब में जालंधर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। इस बीच कई गांव कस्बों में यह भी चर्चा चल रही कि भाजपा और अकाली दल फिर से गठजोड़ करने की तैयारी में हैं। इन सभी तरह की चर्चाओं को भाजपा के पंजाब प्रवक्ता RP सिंह ने अफवाह बताया।
RP सिंह ने ट्वीट किया कि वह उपचुनाव के दौरान कई गांव और कस्बों में गए, जहां लोगों से उन्हें सुनने को मिला भाजपा और अकाली दल 2024 के लोकसभा चुनाव मिल कर लड़ेंगी, लेकिन भाजपा 2024 ही नहीं, बल्कि 2027 में भी अकाली दल के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी।
जालंधर में भाजपा उम्मीदवार को जिताएंगे लोग: RP सिंह
RP सिंह ने कहा कि वह इस बात को स्पष्ट करना चाहते हैं कि भाजपा 2024 और 2027 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याण नीतियों के आधार पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी। भाजपा देश की बड़ी पार्टी है। देश हित के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कार्यरत हैं।
RP सिंह के अनुसार, आज देश की इकोनॉमी दिन प्रतिदिन बेहतर हो रही है। पंजाब के लोग भी नरेंद्र मोदी की नीतियों को लेकर खुश नजर आ रहे हैं। जालंधर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को लोग जितवा कर पूरे पंजाब में भाजपा की जमीनी स्तर पर मजबूत होने का संदेश देंगे।
आज पंजाब को जरूरत है अमन-शांति और भाईचारे की। पंजाब की आम आदमी पार्टी से सरकार चल नहीं रही। पंजाब के लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। एक वर्ष में ही लोगों को समझ आ गया है कि उन्होंने आप सरकार को पंजाब में लाकर गलती कर दी है।

