
पंजाब के जिला पटियाला के लोगों को नए बस स्टैंड की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन इसके लिए फिलहाल इंतजार करना होगा। CM भगवंत मान ने कहा है कि फिलहाल बस स्टैंड के तकनीकी कार्यों पर मंथन किया जा रहा है। क्योंकि यदि तसल्ली किए बिना बस स्टैंड का संचालन करवा दिया गया तो उसके बाद काम पूरा होने में परेशानी रहेगी।
CM मान ने कहा है कि तकनीकी कामकाज के पूरा होने के बाद ही बस स्टैंड को लोगों के सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पटियाला में नया और पुराना, दोनों बस स्टैंड संचालित रहेंगे। गौरतलब है कि नए बस स्टैंड के संचालन से पटियाला शहर समेत जिले के आसपास के सभी गांवों को राहत मिलेगी। साथ ही यहां से अन्य जिलों को जाने वाली बस सर्विस और कनेक्टिंग रूट पर भी सुविधा हो सकेगी।
बस स्टैंड के पास ट्रैफिक जाम की परेशानी
पटियाला के मौजूदा बस स्टैंड के एक ओर ब्रिज तो पीछे की ओर रिहायशी क्षेत्र होने से यहां अकसर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इससे न केवल बस स्टैंड से आने-जाने वालों के लिए परेशानी बनी रहती है, बल्कि इससे लगती सड़क से अन्य गंतव्य स्थलों के लिए निकलने वाले यात्री भी परेशान होते हैं। नए बस स्टैंड की शुरुआत से इस समस्या के काफी हद तक हल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

