
पंजाब में वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर (RC) पर चिप लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। ट्रांसपोर्ट विभाग ने इस संबंधी लंबे समय से दरपेश आ रही परेशानियों को दूर कर लिया है। अब पंजाब सरकार ने इस सुविधा के शुरू होने से लंबे समय से बढ़ रही पेंडेंसी को जल्द खत्म करने का दावा किया है।
RC-लाइसेंस प्रिंटिंग का काम बंद हुआ
दरअसल, पंजाब में करीब दो साल से RC पर लगने वाली चिप का काम बंद पड़ा था। आरसी और लाइसेंस की प्रिंटिंग नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इस परेशानी का सबसे बड़ा कारण पंजाब में चिप नहीं होना रहा।
इससे लंबित मामलों की संख्या करीब 2 लाख से अधिक पहुंच गई। नतीजतन ट्रांसपोर्ट विभाग को आरसी व लाइसेंस को डीजी लॉकर के जरिए हासिल करने की अपील करनी पड़ी। लेकिन वाहन संबंधी डॉक्यूमेंट नहीं होने पर पुलिस चालकों के चालान करती रही।
फाइल अप्रूव नहीं होने से परेशान हुए लोग
पंजाब के सभी जिलों के RTA ऑफिस में लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ी। कई जिलों में कॉमर्शियल वाहनों की अप्रूवल में भी परेशानी बनी रही। लोगों द्वारा पुरानी गाड़ियों को अपने नाम कराने संबंधी मामले भी अप्रूवल नहीं मिलने पर RTA ऑफिस में लंबे समय तक लंबित रहे। इससे लोगों को NOC लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

