22.1 C
Jalandhar
Thursday, November 13, 2025
spot_img

पंजाब की राजनीति के एक युग का अंत:राजनीति के पितामाह और पंथक सियासत की धूरी; 5 बार CM रहे प्रकाश सिंह बादल

शिअद से पांच बार CM रहे पंजाब की राजनीति के पितामाह कहे जाने वाले प्रकाश सिंह बादल की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar
शिअद से पांच बार CM रहे पंजाब की राजनीति के पितामाह कहे जाने वाले प्रकाश सिंह बादल की फाइल फोटो।

पंजाब की राजनीति के पितामाह कहे जाने वाले और पंथक सियासत की धुरी माने गए प्रकाश सिंह बादल के मंगलवार देर शाम निधन से एक युग का अंत हो गया। पांच बार पंजाब के CM और एक बार केंद्र सरकार में कृषि मंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

पंजाब के पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल की फाइल फोटो।
पंजाब के पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल की फाइल फोटो।

राजनीति के बाबा बोहड़ कहे जाने वाले प्रकाश सिंह बादल शुरूआत से अंत तक पंथक राजनीति से जुड़े रहे। यही कारण है कि श्री अकाल तख्त की ओर से उन्हें पंथ रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। बादल की शिरोमिण गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) में भी मजबूत धाक रही है।
साल-दर-साल SGPC के अध्यक्ष की कुर्सी पर वही बैठता रहा, जिसके हाथ में प्रकाश सिंह बादल का बंद लिफाफा पहुंचता या उनका समर्थन मिलता था। SGPC में बादल परिवार का प्रभाव सदैव माना जाता रहा है। साल 1970 के बाद से प्रकाश सिंह बादल का कद और धाक, दोनों SGPC में बढ़ते गए।

1999 में बीबी जगीर कौर को बनाया SGPC अध्यक्ष
प्रकाश सिंह बादल की SGPC में मजबूती उस समय दिखी, जब साल 1999 में उन्होंने बीबी जगीर कौर को अध्यक्ष बनाते हुए SGPC कमेटी पर अपना वर्चस्व स्थापित किया। इसके बाद से आज तक SGPC के अध्यक्ष के फैसले में बादल परिवार ही अहम भूमिका निभाता आ रहा है। गौरतलब है कि साल 1999 से अब तक SGPC के 13 अध्यक्षों में से 12 बार शिअद अध्यक्ष के बंद लिफाफे व सहमति से ही SGPC अध्यक्ष बनाया गया है।

विरासत-ए-खालसा का निर्माण किया
प्रकाश सिंह बादल ने साल 2011 में बतौर CM विरासत को संजोने की दिशा में विरासत-ए-खालसा का निर्माण किया। कई अन्य कार्यों के अलावा 6 दिसंबर 2011 को उन्हें श्री अकाल तख्त साहिब से पंथ रत्न फख्र-ए-कौम का सम्मान भी मिला।

30 मार्च 2015 में पद्म विभूषण सम्मान मिला
प्रकाश सिंह बादल को 30 मार्च 2015 में देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण सम्मान मिला। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों मिले इस सम्मान को बादल ने देश की बेहतरी में लगे लाखों कामगारों को समर्पित किया था।

सरपंच से 5 बार बने CM
प्रकाश सिंह बादल ने वर्ष 1947 में राजनीति में कदम रखा। सर्वप्रथम उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ते हुए जीत हासिल की और उस समय उनकी आयु 20 वर्ष थी। फिर वर्ष 1957 में लंबी से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। दोबारा 1969 में भी चुनाव जीते। इसके बाद वह पंचायत राज, पशुपालन और सहकारिता मंत्री रहे।
प्रकाश सिंह बादल पहले वर्ष 1970-71, 1977-80, 1997-2002 में पंजाब के CM रहे। वर्ष 2002 में शिअद-भाजपा गठबंधन चुनाव हार गया तो बादल विपक्ष के नेता बने। लेकिन 5 साल बाद गठबंधन बहुमत में आया तो वह दोबारा CM बने।

बेटे-बहू के साथ चुनावी जीत का चिन्ह दिखाते प्रकाश सिंह बादल।
बेटे-बहू के साथ चुनावी जीत का चिन्ह दिखाते प्रकाश सिंह बादल।

2022 में पहला विधानसभा चुनाव हारे बादल
प्रकाश सिंह बादल को साल 2022 में पहली बार AAP प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां से 11,396 मतों से हार मिली। जबकि 2017 विधानसभा चुनाव में प्रकाश सिंह बादल ने अपने प्रतिद्वंदी कैप्टन अमरिंदर सिंह को 22,770 वोट से हराया था। इस सीट से वह साल 1997 से लगातार पांच बार विधानसभा चुनाव जीते। पंजाब में सबसे उम्रदराज होने पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी भी प्रकाश सिंह बादल रहे। उन्होंने 94 वर्ष की आयु में साल 2022 में अपना अंतिम चुनाव लड़ा।
अधिक आयु और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उनके साल 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने पर आखिर तक असमंजस की स्थिति रही। लेकिन पारिवारिक सदस्यों और पार्टी नेताओं के कहने पर शिअद को हाशिए से उबारने के मकसद से वह चुनाव लड़े। लेकिन इस बार भी उनका आकलन सही रहा, वह चुनाव नहीं जीत सके।

आपात काल में जेल भी गए बादल
प्रकाश सिंह बादल आपात काल के बाद गठित मोरारजी देसाई सरकार में सांसद बने और कुछ समय के लिए कृषि मंत्रालय भी संभाला। इंदिरा गांधी सरकार में आपात काल लगने पर पंजाब में प्रकाश सिंह बादल की अगुआई में अकालियों ने एतिहासिक भूमिका अदा की। अकाली कार्यकर्ता/समर्थक गिरफ्तार होते रहे और स्वयं प्रकाश सिंह बादल भी आपात काल के दौरान जेल में रहे। उसी दौरान से उनके संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से स्थापित हुए।

पंजाब की राजनीति के भीष्म पितामह
प्रकाश सिंह बादल को पंजाब की सियासत का पितामह कहा जाता है। वह 5 बार पंजाब के CM रहने के साथ 10 बार विधानसभा चुनाव भी जीते। यह सिलसिला साल 1957 से साल 1969 तक लगातार चला लेकिन साल 1992 में शिअद ने चुनाव का बहिष्कार किया तो बादल विधायक नहीं बन सके।

1970 में पंजाब के 15वें CM
प्रकाश सिंह बादल ने साल 1970 में बतौर पंजाब के 15वें CM के रूप में शपथ ली थी। फिर साल 1977 में दोबारा राज्य के 19वें CM बने। इसके 20 साल बाद भाजपा गठबंधन से बनी सरकार में उन्होंने दोबारा सत्ता संभाली।
साल 1996 में भाजपा-अकाली दल एक होती नजर आई, नतीजतन साल 1997 में दोनों दलों की गठबंधन की सरकार बनी। साल 1997 में प्रकाश सिंह बादल पंजाब के 28वें CM बने। साल 2007 में वह चौथी बार और साल 2012 में 5वीं बार पंजाब के CM बने।

यहां रहा विवादों से रिश्ता
पंजाब में साल 2002 में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभाली। इस दौरान प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल को भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया। पहली बार बड़े बादल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे लेकिन वह इससे बरी हो गए।
प्रकाश सिंह बादल को बेअदबी कांड और बरगाड़ी गोलीकांड में संलिप्त होने के आरोपों का सामना भी करना पड़ा है।

प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल की फाइल फोटो।
प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल की फाइल फोटो।

बादल के खिलाफ अदालत में चालान पेश
साल 2022 में पंजाब में AAP की मान सरकार बनने के बाद पंजाब पुलिस ने प्रकाश सिंह बादल और उनके बेटे पूर्व CM पंजाब सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ अदालत में चालान भी पेश किया। यह चालान बरगाड़ी बेअदबी कांड और इससे जुड़े बहबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड मामले में पेश किया गया। इस मामले में प्रकाश सिंह बादल अदालत से जमानत पर चल रहे थे।

प्रकाश सिंह बादल के पांव छूकर आशीर्वाद लेते PM नरेंद्र मोदी।
प्रकाश सिंह बादल के पांव छूकर आशीर्वाद लेते PM नरेंद्र मोदी।

PM बनने पर मोदी ने छूए थे पांव
प्रकाश सिंह बादल के PM नरेंद्र मोदी से भी अच्छे संबंध रहे हैं। पहली बार PM बनने पर नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया था। दरअसल, नरेंद्र मोदी साल 2000 से पहले बतौर प्रभारी अकसर पंजाब आते रहे हैं। इस दौरान वह बादल के चंडीगढ़ आवास और उनके गांव में बने घर भी जाते रहे। इसका खुलासा PM मोदी ने उस समय किया, जब प्रकाश सिंह बादल की पत्नी सुरिंदर कौर का निधन हुआ था।

Related Articles

Stay Connected

2,684FansLike
4,389FollowersFollow
5,348SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles