20.9 C
Jalandhar
Saturday, November 8, 2025
spot_img

ब्यूरोक्रेट्स को भाया हरियाणा:वैवाहिक बंधन से दो वर्ष में ही मिल गए 5 आईएएस, शादी के बाद चुना हरियाणा कैडर

वैवाहिक बंधन - Dainik Bhaskar
वैवाहिक बंधन

वैवाहिक बंधन से लगातार अफसरों के कैडर बदल रहे हैं। हरियाणा भी आईएएस अफसरों को आकर्षित कर रहा है। दो साल में यहां चार आईएएस ने कैडर बदल हरियाणा कराया है। इनमें पत्नी-पति दोनों शामिल हैं। अब 2018 बैच की महिला आईएएस अनुपमा अंजलि की आंध्रप्रदेश से हरियाणा कैडर में ज्वाइनिंग हुई है।

वह पांचवीं अफसर हैं। उनका हरियाणा कैडर के 2020 बैच के आईएएस हर्षित कुमार से विवाह हुआ है। आईएएस अनुपमा व हर्षित दोनों दिल्ली के हैं। हर्षित महेंद्रगढ़ में बतौर एसडीएम तैनात हैं। वहीं, अनुपमा को भिवानी जिले की एडीसी बनाया गया है।

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार का कहना है कि अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को आवंटित प्रदेश कैडर में यह नियम है कि आईएएस, आईपीएस व आईएफएस अधिकारियों द्वारा आपस में यानी उक्त तीनों सेवाओं के अधिकारियों के बीच विवाह होता है तो वे एक-दूसरे के आवंटित प्रदेश कैडर में बदलाव कर सकते हैं। जिसे इंटर-कैडर ट्रांसफर कहा जाता है। पति-पत्नी चाहें तो तीसरा राज्य कैडर भी ले सकते हैं।

4आईएएस शादी के कारण आ चुके हरियाणा

2019 बैच की महिला आईएएस अधिकारी रेनू सोगन का हरियाणा कैडर के 2019 बैच के ही आईएएस हितेश कुमार मीणा से विवाह के बाद पश्चिम बंगाल कैडर से हरियाणा में इंटर-कैडर ट्रांसफर हुआ था। वर्तमान में हितेश जिला गुड़गांव में जबकि रेनू नूंह जिले में बतौर एडीसी तैनात हैं।

फरवरी, 2022 में 2019 बैच के आईएएस डॉ. बलप्रीत सिंह का हरियाणा कैडर की 2017 बैच की महिला आईपीएस उपासना से विवाह के कारण कैडर बदला। वे केरल से हरियाणा ट्रांसफर हुए। आईएएस बलप्रीत का गृह राज्य पंजाब है। वे कैथल जिले के एडीसी हैं।

अक्टूबर, 2021 में 2015 बैच के असम-मेघालय कैडर के आईएएस शांतनु शर्मा का हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला आईएएस सी जयशरधा से विवाह के कारण कैडर बदला। उनका असम-मेघालय कैडर से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया था। शांतनु मूल रूप से झारखंड के निवासी है। जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं। जयशरधा अम्बाला के नारायणगढ़ उपमंडल की एसडीएम हैं जबकि शांतनु कुरुक्षेत्र के डीसी हैं।

2021 में 2015 बैच की महिला आईएएस अधिकारी नेहा सिंह का हरियाणा कैडर के आईएएस राहुल हुड्डा से विवाह हुआ है। नेहा का कैडर गुजरात से हरियाणा में ट्रांसफर किया गया। नेहा मूल रूप से बिहार की हैं। वर्तमान में पलवल जिले की डीसी हैं। जबकि राहुल यमुनानगर में डीसी के पद पर तैनात हैं।

Related Articles

Stay Connected

2,684FansLike
4,389FollowersFollow
5,348SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles