
पुरानी पेंशन दिए जाने की मांग को लेकर लुधियाना में सरकारी कार्यालयों में कार्यरत मिनिस्ट्रियल कर्मचारी एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों के अवकाश पर होने के कारण तहसील कार्यालयों में रजिस्ट्री, जन्मप्रमाण पत्र, रेसीडेंस प्रूफ के कार्य प्रभावित हुए। कर्मचारियों ने जालंधर में मांगों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रजिस्ट्रियों के कामों की जिम्मेदारी अफसरों ने संभाली
डीसी ऑफिस मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन दिए जाने की मांग को लेकर जालंधर में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसके लिए मिनिस्ट्रियल स्टाफ से सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया था।
इसी क्रम में वीरवार को लुधियाना से डीसी कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों में तैनात 30 कर्मचारियों ने जालंधर में विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की कार्यालयों से संख्या कम हो जाने से कामकाज पर असर पड़ा।
रजिस्ट्रियों से संबंधित कार्यों के लिए अधिकारियों को खुद जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। जन्म प्रमाण पत्र और एड्रेस प्रूफ से संबंधित दस्तावेजों को अप्रूव कराने के लिए कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं होने पर यह कार्य प्रभावित हुए।

