
पंजाब के कपूरथला जिले 2 भाइयों की अमेरिका में हत्या कर दी गई है। मृतकों की पहचान गांव बिधिपुर निवासी दीपी और गोरा के रूप में हुई है। हत्यारोपी भी गांव कांजली निवासी बताया जा रहा है। दोनों भाइयों की मौत की खबर घर पहुंच गई है और पूरे गांव में मातम पसरा है।
पैसों के चक्कर में मारा गया
मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिका शहर के पोर्टलैंड में शॉपिंग माल के बाहर दोनों भाइयों को गोलियां मारी गईं। आरोपी दोनों का बिजनेस पार्टनर था। पैसों के लेन-देन के विवाद में वारदात अंजाम दी गई। बहसबाजी और गाली गलौज के बीच अचानक फायरिंग की गई।
माल में घूमने आए थे मृतक
मामले में पोर्टलैंड पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बुधवार दोपहर करीब पौने 3 बजे सुल्तानपुर लोधी के गांव बिधिपुर निवासी दिलराज सिंह उर्फ़ दीपी और उसके छोटे भाई गोरा शॉपिंग माल में घूमने के लिए आए थे।
दोनों भाइयों की मौके पर मौत
माल के बाहर दोनों की किसी व्यक्ति के साथ बहस हुई। अभी बहस हो रही थी कि अचानक गोलियां चलनी शुरू हो गईं। इसमें दीपी व गोरा की मौत हो गई। हत्यारा बिजनेस में सांझेदार था और पैसे के लेन-देन का विवाद था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

