
केंद्रीय शहरी विकास और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जालंधर में लोकसभा उपचुनाव को लेकर कैंट विस क्षेत्र में वर्करों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब में जिस पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने का वादा किया था, उसकी हकीकत एक साल में ही लोगों के सामने आ चुकी है।
आप ने लोगों से जो वादे करके सत्ता में आई थी, आज इनसे दूर हो चुकी है। वहीं, शिरोेमणि अकाली दल बादल के साथ क्या भाजपा दोबारा गठबंधन करने पर विचार कर सकती है? इस सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि उन्हें लगता है कि भाजपा की तरफ से अब ये संभव नहीं है। भाजपा तेजी से विस्तार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से देश तेजी से विकास पथ पर है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा उपचुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी को कष्ट होगा। जो पार्टी किसान हितैषी होने का दावा करती थी, आज उसके अपने शासन में किसान परेशान है। संगरूर में एक गैस प्लांट की योजना को लेकर समारोह में मेरे साथ सीएम भगवंत मान भी थे।
वह संगरूर में अपने घर नहीं जा पाए क्योंकि किसान उनके गांवों को जाने वाला रास्ता घेरकर धरने पर बैठे थे। हरदीप पुरी ने कहा कि पेट्रोल में एथेनाल मिलाने की मात्रा 5 से बढ़ाकर 10 फीसदी करने का लाभ हुआ। इससे 41000 करोड़ रुपया बचा। जो विदेशों से पेट्रोलियम मंगाने पर खर्च होना था। अब साल 2024 तक एथेनाल मिलाने की मात्रा 20 फीसदी तक करेंगे।

